हिमाचल प्रदेश तकनीकी शिक्षा बोर्ड ने औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में शैक्षणिक सत्र 2020-21 में प्रवेश के लिए शेड्यूूल जारी कर दिया है। प्रदेश भर के संस्थानों में प्रवेश की यह प्रक्रिया ऑनलाइन 11 अगस्त से शुरू होगी। अभ्यर्थी 26 अगस्त तक आईटीआई करने को आवेदन कर सकेंगे। वहीं पहले राउंड की काउंसिलिंग दो सितंबर और दूसरे राउंड की काउंसिलिंग सात सितंबर को होगी।
जानकारी के अनुसार तकनीकी शिक्षा बोर्ड ने औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों से प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए अभ्यर्थियों से ऑनलाइन आवेदन मांगे हैं। अभ्यर्थी 11 से 26 अगस्त तक बोर्ड की वेबसाइट के माध्यम से पहले चरण के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। इसके अलावा उनके पास चालान जनरेट करने के लिए 22 अगस्त तक का समय होगा, जबकि बैंक के माध्यम से चालान भरने की अंतिम तिथि 24 अगस्त होगी।
वहीं 26 अगस्त तक अभ्यर्थी अपनी फीस को ऑनलाइन जमा करवा सकेंगे। इसके बाद पहले चरण की काउंसिलिंग दो सितंबर को होगी, जबकि पांच सितंबर को पात्र अभ्यर्थी को अपने मूल दस्तावेजों के साथ संबंधित आईटीआई में अपनी उपस्थिति दर्ज करवानी होगी। वहीं छह सितंबर को पहले चरण की खाली बची सीटों की सूची प्रकाशित की जाएगी, जबकि दूसरे चरण की काउंसिलिंग के लिए अभ्यर्थी को सात सितंबर को आवेदन करना होगा।
तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण सुंदरनगर के निदेशक शुभकरण सिंह ने बताया कि अभ्यर्थियों को आवेदन करते समय अपना सही मोबाइल नंबर और ई-मेल एड्रेस लिखना होगा। उन्होंने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि ऑनलाइन आवेदन करते समय वेबसाइट पर उपलब्ध प्रोस्पेक्टस और गाइडलाइन का पूरी तरह से अवलोकन और अध्ययन करें।