सर्वपल्ली बीएड, एमएड कॉलेज में अंतिम वर्ष के प्रशिक्षुओं को दी विदाई
शिक्षक समाज का निर्माता, समाज और राष्ट्र निर्माण में निभाता है अहम भूमिका : शर्मा
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। सर्वपल्ली राधाकृष्णन बीएड, एमएड एवं डिग्री कॉलेज नोगली (बालना) में प्रथम वर्ष के प्रशिक्षुओं ने अंतिम वर्ष के बीएड प्रशिक्षुओं के लिए स्मृतियों का कारवां, यादों के साथ भविष्य की ओर विषय पर विदाई समारोह आयोजित किया। कार्यक्रम में भारत गौरव से सम्मानित डॉ. मुकेश कुमार शर्मा ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की।
कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन और मंत्रोच्चारण से हुआ। प्रशिक्षुओं ने अतिथियों का तिलक लगाकर स्वागत किया। मुख्यातिथि डॉ. मुकेश कुमार शर्मा ने कहा कि विदाई समारोह केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि साथ बिताए अमूल्य पलों को संजोने और प्रशिक्षुओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देने का अवसर है। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज का निर्माता होता है, इसलिए हर प्रशिक्षु को ज्ञान, नैतिक मूल्यों, अनुशासन और मानवीय संवेदनाओं के साथ समाज व राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए।
कार्यक्रम का संचालन प्रशिक्षु साक्षी, रोनिव, साक्षी कपाटिया और ऋतिक ने किया। इस दौरान प्रशिक्षुओं ने समूहनृत्य, नाटी, एकल नृत्य और गीतों की प्रस्तुतियों से मनोरंजन किया। अंतिम वर्ष के प्रशिक्षुओं ने संस्थान में बिताए अनुभव साझा करते हुए गुरुजनों के प्रति आभार व्यक्त किया। प्रथम वर्ष के प्रशिक्षुओं ने उन्हें स्मृति चिह्न और शुभकामना संदेश दिए।
समारोह में आयोजित प्रतियोगिताओं और व्यक्तित्व मूल्यांकन के आधार पर इशिता को मिस सर्वपल्ली तथा अंशुल को मिस्टर सर्वपल्ली चुना गया। अनामिका कौशल को मिस टैलेंटेड, सुदर्शन को मिस्टर टैलेंटेड, अनामिका चौहान को मिस पर्सनैलिटी और अरुण को मिस्टर पर्सनैलिटी का खिताब प्रदान किया गया। प्रधानाचार्य डॉ. सीमा भारद्वाज ने कहा कि यह विदाई अंत नहीं, बल्कि नए शिक्षकीय जीवन की शुरुआत है। उन्होंने प्रशिक्षुओं से समर्पण, ईमानदारी, संवेदनशीलता और नवाचार के साथ अपने दायित्व निभाने का आह्वान किया। समारोह में शिक्षक, गैर-शिक्षक कर्मचारी, अभिभावक और प्रशिक्षु छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।