अंकेक्षण विभाग ने जवाब को संतोषजनक नहीं माना
संस्थान प्रबंधन ने ऑडिट के जवाब में कहा कि संबंधित राशि जल्द जमा करवा दी जाएगी। अंकेक्षण विभाग ने इस जवाब को संतोषजनक नहीं माना। राज्य लेखा परीक्षा विभाग के संयुक्त निदेशक रविंद्र कंवर की ओर से इन मामलों को कार्रवाई के लिए तकनीकी शिक्षा विभाग के निदेशक को भेजा गया है। संस्थान ने विद्यार्थियों को अंग्रेजी भाषा सिखाने के लिए 1.80 लाख रुपये का सॉफ्टवेयर खरीदा। इसका इस्तेमाल कुल 256 विद्यार्थी कर रहे थे। इनमें 88 विद्यार्थी छात्र कल्याण निधि वाले ट्रेडों के और 168 विद्यार्थी आईएमसी के थे। इसके बावजूद सॉफ्टवेयर की कीमत छात्र कल्याण के लिए बनी निधि से ही चुकाई गई। विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, विद्यार्थियों की संख्या के अनुपात में आईएमसी को 1,18,125 रुपये का भुगतान अपने फंड से करना चाहिए था। छात्र कल्याण निधि पर केवल 61,875 रुपये का भार पड़ना चाहिए था। ऐसे में अतिरिक्त खर्च के रूप में चुकाई गई 1,18,125 रुपये की राशि आईएमसी फंड से वापस छात्र कल्याण निधि में जमा करवाने के निर्देश दिए गए हैं।
निर्माण कार्य के भुगतान में भी नियमों की अनदेखी
ऑडिट में निर्माण कार्य के भुगतान में भी वित्तीय नियमों का पालन नहीं करने का मामला सामने आया है। संस्थान ने निर्माण कार्य के लिए 1,93,889 रुपये का भुगतान किया, लेकिन इसमें से 3,878 रुपये टीडीएस और 1,939 रुपये लेबर सेस की कटौती नहीं की गई। संस्थान ने बाद में ठेकेदार से लेबर सेस की पूरी राशि वसूल कर 19 जनवरी 2026 को संबंधित विभाग में जमा करवा दी। वहीं, टीडीएस के मामले में संस्थान ने अपना आयकर रिटर्न दाखिल करने का हवाला दिया। अंकेक्षण विभाग ने इस जवाब को स्वीकार नहीं किया और टीडीएस जमा करने के प्रमाण संबंधी जरूरी दस्तावेज प्रस्तुत करने या संबंधित राशि की वसूली करने के निर्देश दिए हैं।