रणजी ट्रॉफी के पहले मैच में दमदार गेंदबाजी करने वाले हिमाचल के दिवेश शर्मा आईपीएल बोली का हिस्सा होंगे। उभरते गेंदबाज पर सबकी नजर रहेगी। 23 वर्षीय दिवेश शर्मा ने 11 अक्तूबर को हिमाचल और उत्तराखंड के बीच रणजी मैच में डेब्यू किया।
पहली पारी में तीन और दूसरी पारी में पांच विकेट चटका कर कुल आठ विकेट हासिल किए। यह मैच हिमाचल की टीम ने पारी और 97 से जीता। दिवेश शर्मा डेब्यू मैच में मैन ऑफ द मैच भी चुने गए। 24 और 25 नवंबर को दुबई में होने वाले आईपीएल की मेगा ऑक्शन में हिमाचल प्रदेश के आठ खिलाड़ियों के नाम शामिल हैं।
इसमें हिमाचल की टीम के कप्तान ऋषि धवन, वैभव अरोड़ा, सुमित वर्मा, अर्पित गुलेरिया, मयंक डागर, दिवेश शर्मा, पंकज जसवाल और आकाश वशिष्ठ के नाम शामिल हैं। इसमें दिवेश को छोड़कर अन्य खिलाड़ी किसी न किसी आईपीएल टीम का हिस्सा रहे हैं। पिछले आईपीएल सीजन में वैभव अरोड़ा ने कोलकाता नाइट राइडर्स से सभी मैच खेेले हैं।
आईपीएल सीजन-2025 में दिवेश शर्मा और अर्पित गुलेरिया के मुंबई इंडियन टीम को हिस्सा बनने की पूरी संभावना है। पूर्व में धर्मशाला में हुए रणजी मैचाें के दौरान मुंबई इंडियन के पूर्व कोच जॉन राइट ने दोनों खिलाड़ियों के प्रदर्शन को देखा था और डायरी में इनके नाम भी दर्ज किए थे। इस दौरान चर्चा थी कि मुंबई के पास बल्लेबाजी बहुत है। जबकि तेज गेंदबाज और एक स्पिनर की खोज चल रही है।
आईपीएल की मेगा आॅक्शन के लिए हिमाचल के आठ क्रिकेटरों को शॉटलिस्ट किया है। दिवेश शर्मा ने इसी सीजन में रणजी में डेब्यू किया है। डेब्यू मैच में कुल आठ विकेट चटकाए हैं। -अवनीश परमार, सचिव, एचपीसीए