बाल स्कूल हमीरपुर के मैदान में जिला स्तरीय हिमाचल दिवस समारोह में मुख्यातिथि आईपीएच मंत्री महेंद्र सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर अभी 25 सालों तक इस पद पर राज करेंगे। काम करने की क्षमता, लगन और ईमानदारी उन्हें यह मौका देगी।
उन्होंने कहा कि तीस साल के राजनीतिक कॅरिअर में उन्होंने डॉ. वाईएस परमार को छोड़कर प्रदेश के शेष मुख्यमंत्रियों के साथ बतौर विधायक और मंत्री कार्य किया है। इस दौरान उन्होंने राजनीति में उन्हें बेटे की तरह मानने वाले ठाकुर जगदेव सिंह को भी याद किया। भोरंज की विधायक कमलेश कुमारी और हमीरपुर के विधायक नरेंद्र ठाकुर की कार्यशैली की भी तारीफ की।
महेंद्र सिंह ने कहा कि राज्य में जल संरक्षण को 4751 करोड़ की परियोजना वित्त पोषण के लिए केंद्र को भेजी गई है। वर्ष 2000 से पूर्व बनी पेयजल योजनाओं के सुधार को 798 करोड़ की योजना केंद्र को भेजी है। प्रदेश में बहुत कम क्षेत्र में बागवानी होती है।
इसका अन्य क्षेत्रों में प्रसार हो, इसके लिए केंद्र ने प्रदेश के लिए 1134 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। वर्ष 2011-12 में हमीरपुर और सरकाघाट क्षेत्रों को जारी हुई पेयजल योजनाओं का कार्य बीते पांच साल के कांग्रेस के कार्यकाल में रुका है। केंद्र से जो शेष बजट इन योजनाओं को मिलना था, वह कांग्रेस सरकार ने नहीं लिया। इस कारण इन योजनाओं का कार्य रुका है।