सरकार धर्मशाला में 27 दिसंबर को ग्राउंड ब्रांडिंग समारोह आयोजित करेगी। इसी दिन स्पष्ट होगा कि प्रदेश में कितना निवेश होगा और कौन से उद्योग लगाए जाने हैं। प्रदेश में अभी तक निवेशकों ने किए 79 हजार करोड़ के समझौता ज्ञापनों में हस्ताक्षर हो चुके हैं। आज तक सरकार के साथ कुल 570 एमओयू में हस्ताक्षर हो चुके हैं। ग्राउंड ब्रांडिंग समारोह में स्पष्ट हो जाएगा कि प्रदेश में कितना निवेश होगा।
जिला कांगड़ा के धर्मशाला में 7 और 8 नवंबर को होने वाली इन्वेस्टर मीट में देश-विदेश से छोटे-बड़े निवेशक हिस्सा लेने पहुंच रहे हैं। प्रदेश में माइक्रो, लघु, मध्यम, बड़े और एंकर उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए निवेशकों को आकर्षिक किया जा रहा है। निवेशकों को नई औद्योगिक नीति के तहत उद्योग लगाने के लिए कई प्रोत्साहन और सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
विदेशों के करीब 15 डेलीगेट भी इन्वेस्टर मीट में हिस्सा लेने पहुंचेंगे। इनके अतिरिक्त नामी उद्योगपतियों को भी इन्वेस्टर मीट में हिस्सा लेने के लिए आमंत्रण भेजा गया है। इन उद्योगपतियों से सहमति मिलने के बाद इनके लाने ले जाने, ठहरने और खाने की व्यवस्था की जानी है। बताते हैं कि पड़ोसी राज्य उत्तराखंड में ग्राउंड ब्रांडिंग समारोह के बाद स्पष्ट हो पाया था कि राज्य में कितने करोड़ का निवेश होगा और कितने उद्योग लगाए जाने हैं।
क्या कहते हैं निदेशक उद्योग
निदेशक उद्योग हंसराज शर्मा कहते हैं कि धर्मशाला में 27 दिसंबर को ग्राउंड ब्रांडिंग समारोह आयोजित किया जाएगा। इसके बाद स्पष्ट होगा कि कितने करोड़ का निवेश हिमाचल के विभिन्न क्षेत्रों में होगा और कौन से उद्योग लगाए जाने हैं।