नगर निगम की पार्किंग में गड़बड़ी की शिकायतें मिलने के बाद प्रशासन ने शुरू की जांच
ओवरचार्जिंग करने, सरकारी जमीन पर पार्किंग करवाने का आरोप अमर उजाला ब्यूरो शिमला। राजधानी के ऐतिहासिक जाखू मंदिर के पास बनी नगर निगम की एक पार्किंग में बड़े पैमाने पर लूट का मामला सामने आया है। जिला प्रशासन की ओर से बिठाई जांच में इसका खुलासा हुआ है। जांच रिपोर्ट के अनुसार संचालक वाहनों से मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं से मनमाना शुल्क वसूल रहा है।
पार्किंग के साथ लगती सरकारी जमीन पर भी गाड़ियां खड़ी कर उनसे शुल्क लिया जा रहा है। मौके पर पार्किंग शुल्क का बोर्ड तक नहीं लगा है। जिला प्रशासन ने इस संचालक के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए अब नगर निगम को निर्देश जारी कर दिए हैं। इस पर दस लाख रुपये तक जुर्माना लगाने की तैयारी है। तीन दिन के भीतर कार्रवाई करने को कहा है। इस बारे में सोमवार को अतिरिक्त उपायुक्त सचिन शर्मा की अध्यक्षता में नगर निगम और मंदिर प्रबंधन के पदाधिकारियों की बैठक भी बुलाई थी। जिला प्रशासन के अनुसार यह संचालक साल 2021 से नगर निगम की पार्किंग चला रहा है। इसके खिलाफ कई शिकायतें मिली थीं जिस पर जांच बिठाई गई। जांच में पता चला कि पार्किंग में दोपहिया वाहनों से भी कार का शुल्क वसूला जा रहा है। इसकी रसीदें भी प्रशासन को मिली हैं। पार्किंग के साथ जो सरकारी जमीन है, उस पर खड़ी होने वाली गाड़ियों से भी संचालक शुल्क वसूलता था। रिपोर्ट के अनुसार 2021 से अभी तक पार्किंग शुल्क तक नहीं बढ़ाया जो हैरानी भरा है। बैठक में एडीसी ने जांच रिपोर्ट के अनुसार तीन दिन में नगर निगम को कार्रवाई करने के लिए निर्देश दिए हैं।
विज्ञापन
संचालक पर होगी कार्रवाई
नगर निगम आयुक्त भूपेंद्र अत्री ने कहा कि जिला प्रशासन के साथ इस बारे में बैठक हुई है। इसमें जो रिपोर्ट आई है, उसके आधार पर नगर निगम कार्रवाई करेगा। संचालक को नोटिस जारी किया जा रहा हे। नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।
शहर में भी अधिक वसूला जा रहा शुल्क
शहर में बनी नगर निगम की कई पार्किंग में ओवरचार्जिंग की शिकायतें सामने आ चुकी हैं। हाल ही में निगम की एक पार्किंग में एक व्यक्ति से एक घंटे के आठ सौ रुपये शुल्क वसूलने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीकेंड पर शिमला पहुंचने वाले सैलानियों से कार्ट रोड के आसपास बनी पार्किंग में कई बार मनमाना शुल्क वसूलने की शिकायतें मिल चुकी हैं लेकिन निगम इन पर कार्रवाई नहीं कर रहा। संचालकों के हौंसले इससे बुलंद हो गए हैं। कई संचालक रेट बोर्ड के सामने गाड़ियां खड़ी करते हैं ताकि लोगों को पार्किंग शुल्क का पता न चल सके।