हिमाचल के सुबाथू सेना छावनी क्षेत्र में आईएस के पोस्टर, झंडे और धमकी भरे संदेश मिलने के बाद हुई जांच में कई खामियां सामने आ रही हैं। मंगलवार को पुलिस ने जांच तेज करते हुए दीवारों पर लगी सामग्री की जांच एक्सपर्ट से करवाई है। उनकी राय लेने के बाद पुलिस इस नतीजे पर पहुंची है कि धमकी भरे संदेश फोटोस्टेट किए हैं।
पुलिस ने क्षेत्र और जिला के कुछ चिन्हित स्थानों की फोटोस्टेट की दुकानों से स्याही के सैंपल भी लिए हैं। वहीं कुछ संदिग्धों से भी पुलिस पूछताछ कर रही है। सूत्रों के मुताबिक सूचना के बाद पुलिस ने कुछ संदिग्धों को चौकी में तलब किया था। मांगने पर संदिग्ध न तो थाने में पंजीकरण और न ही मौके पर आधारकार्ड अथवा पहचान का कोई सुबूत दिखा पाए हैं।
यदि ऐसा हुआ है तो सेना के छावनी क्षेत्र में कई संदिग्ध थाना में बिना पंजीकरण और पहचान के रह रहे होंगे। यह सेना छावनी क्षेत्र में सुरक्षा में एक बड़ी खामी मानी जाएगी। बुधवार को एएसपी सोलन मनमोहन सिंह और डीएसपी परवाणू जांच में जुटे रहे।
लेकिन जांच किसी पर फोकस होती नजर नहीं आई। दहशत फैलाने वाले कौन हैं? कहां से आए और कहां चले गए ? क्या कहीं लोग संबंधित क्षेत्र के ही तो नहीं हैं या सच में आईएस का नेटवर्क सक्रिय है? पुलिस जांच के इन बिंदुओं के सिरे तलाशने में जुटी रही।