फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आईटीबीपी के जवानों ने 13 हजार फीट ऊंचे रोहतांग दर्रे पर किया योग

Fri, 22 Jun 2018 10:01 AM IST
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कुल्लू
विज्ञापन
विज्ञापन

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर समुद्रतल से 13050 फीट ऊंचाई पर स्थित रोहतांग दर्रे पर भारतीय तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के जवानों ने योग किया। आईटीबीपी द्वितीय वाहिनी के 70 जवानों ने रोहतांग पर योग कर लोगों को स्वस्थ रहने का संदेश दिया। वाहिनी के कमांडर कुशल कुमार के निर्देशानुसार जवानों ने रोहतांग की ठंडी हवाओं के बीच कई योग क्रियाएं कीं।

विज्ञापन


आईटीबीपी बबेली के सहायक कमांडर अशोक कुमार बिश्नोई ने कहा कि दर्र्रे पर योग करने के लिए आईटीबीपी के 70 जवान बुधवार देर रात करीब दो बजे बबेली से रवाना हुए थे और वीरवार सुबह साढे़ पांच बजे रोहतांग पहुंचे। यहां जवानों ने साढ़े छह बजे से लेकर साढ़े आठ बजे तक योग किया।

रामपुर में ताड़ आसन में विश्व रिकॉर्ड बनाने का दावा

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर हिमाचल के शिमला जिले के रामपुर में योग की क्रिया ताड़ आसन में विश्व रिकॉर्ड बनाने का दावा किया गया। दावा किया जा रहा है कि वीरवार को 2000 लोगों ने एक साथ रामपुर के पाटबंगला मैदान में 6 मिनट से ज्यादा समय तक ताड़ आसन कर हिमाचल के  नाम यह रिकॉर्ड बनाया। पाटबंगला मैदान में ट्रिपल एच योग समिति गानवीं के सौजन्य से इस योग शिविर का आयोजन किया गया। 

योग शिविर का शुभारंभ ऊर्जा मंत्री अनिल शर्मा ने किया। बतौर मुख्यातिथि पहुंचे ऊर्जा मंत्री ने सभी लोगों को हर दिन योग करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि योग हमेशा बीमारी से लड़ने की शक्ति देता है। योग समिति ट्रिपल एच के संयोजक योग गुरु रंजीत सिंह की मानें तो इससे पहले इतने ज्यादा लोगों ने एक साथ 6 मिनट तक योग क्रिया ताड़ आसन कभी नहीं किया।

यह विश्व रिकॉर्ड इस बार उनकी संस्था के सौजन्य से रामपुर के पाटबंगला में आयोजित योग शिविर में बनाया गया है। उन्होंने लोगों को योग के विभिन्न आसनों से अवगत करवाया। इस योग शिविर में विशेष अतिथि के रूप में भाजपा नेता प्रेम सिंह द्रेेेक, आईटीबीपी के उप कमांडेंट अशोक कुमार आदि मौजूद रहे। योग समिति ने विश्व रिकॉर्ड बनाने वाले समिति के 29 छात्रों को सम्मानित भी किया।

हिमाचल में लाखों लोगों ने किया योग

हिमाचल में वीरवार को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान लाखों लोगों ने योग किया। राज्य स्तरीय कार्यक्रम शिमला में हुआ। राज्यपाल आचार्य देवव्रत, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने योगासनों के अलावा अनुलोम-विलोम प्राणायाम समेत प्रमुख योग क्रियाएं कीं।

शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर चौथा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया। राज्यपाल आचार्य देवव्रत, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा मुख्य रूप से मौजूद रहे। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की पत्नी डॉ. साधना ठाकुर ने भी योग किया। 

यह आयोजन केंद्रीय आयुष मंत्रालय, राज्य आयुर्वेद विभाग, पतंजलि योग समिति और एसजेवीएनएल के सहयोग से हुआ। शिमला के अलावा प्रदेश भर में योगासन और प्राणायाम की ये क्रियाएं की गईं। प्रदेश भर में हुए कार्यक्रमों के प्रभारी गणेश दत्त ने बताया कि ये कार्यक्रम पहले करीब 135 जगहों पर तय किए गए थे, मगर इन्हें 155 जगहों पर करवाया गया। प्रदेश में हजारों स्कूली बच्चों ने भी योग किया। 
विज्ञापन

राज्यपाल ने पहले राजभवन में किए योगासन

योग शिक्षिका उर्मिल सिंह ने राजभवन में योग तथा ध्यान कार्यक्रम का संचालन किया। इसमें राज्यपाल ने भी भाग लिया। राज्यपाल के सचिव डॉ. अरुण शर्मा, राज्यपाल के ओएसडी डॉ. राजेंद्र विद्यालंकार, सलाहकार डॉ. शशि कांत शर्मा और स्टाफ के अन्य सदस्यों ने भी योग किया। 

शरीर, दिमाग स्वस्थ रखने को सब करें योग- राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने कहा कि उनके लिए यह गर्व की बात है कि पूरा विश्व योग अपना रहा है। योग का संबंध हमारी प्राचीन संस्कृति, परंपराओं और आध्यात्मिकता से है। जो शरीर और मस्तिष्क दोनों को स्वस्थ रखता है। अधिकांश बीमारियां दिमाग से जुड़ी हैं। दिमाग को स्वस्थ रखने के लिए हरेक को जीवन में योगाभ्यास करना चाहिए। 

तनाव और चिंता को नियंत्रित करता है योग- मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने विश्व योग दिवस समारोह के दौरान मीडिया से बातचीत में कहा कि योग तनाव और चिंता को नियंत्रित करता है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2014 में राष्ट्र संघ को वर्ष के सबसे लंबे दिन 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाने का सुझाव दिया था। तब से पूरी दुनिया योग दिवस मना रही है। योग केवल एक व्यायाम ही नहीं, बल्कि विश्व और प्रकृति के साथ एकता की भावना को विकसित करने का माध्यम है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें