इंटरनेशनल कबड्डी स्टार अजय ठाकुर हिमाचल पुलिस में डीएसपी बन गए हैं। कैबिनेट बैठक में हरी झंडी मिलने के बाद अजय ठाकुर की नियुक्ति हुई है। ठाकुर ने सोमवार को अपनी कुलदेवी के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। उधर, उनके पैतृक गांव नालागढ़ के दभोटा में खुशी का माहौल है। कबड्डी में लगातार बेेहतर प्रदर्शन के बाद प्रदेश के नेताओं ने उन्हें सरकारी नौकरी देने की मांग की थी।
सीएम के नालागढ़ और पाइनग्रोव स्कूल के दौरे के दौरान भी खिलाड़ियों, लोगों और नेताओं ने यह मांग सीएम के समक्ष रखी। वर्तमान में अजय ठाकुर एयर इंडिया में काम करते हैं। बता दें कि अजय ठाकुर ने अपने खेल कॅरियर की शुरुआत प्रो. कबड्डी में नए सिरे से की। इसके बूते उन्हें अपने ही प्रदेश में सरकारी नौकरी और डीएसपी का पद मिला है। अजय ठाकुर इंडियन कबड्डी लीग में बंगलूरू और पुणे की टीम का हिस्सा रह चुके हैं।