जिला प्रतियोगिता के लिए होगा खिलाड़ियों का चयन
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। राजधानी के राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) चौड़ा मैदान में 16 मार्च से इंटर हाउस खेल प्रतियोगिता शुरू होगी। प्रतियोगिता में छात्राओं के 8 हाउस और छात्रों के 4 हाउस भाग लेंगे।
प्रतियोगिता 19 मार्च तक चलेगी। संस्थान परिसर में इसके आयोजन के लिए तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। प्रतियोगिता को लेकर विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। ग्रुप इंस्ट्रक्टर संजेश कुमार ने बताया कि इस इंटर हाउस टूर्नामेंट में बॉयज वर्ग के आठ और गर्ल्स वर्ग के चार ग्रुप भाग लेंगे। प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न खेल स्पर्धाओं का आयोजन किया जाएगा जिनमें कबड्डी, खो-खो, वॉलीबाल, बैडमिंटन और बास्केटबाल शामिल हैं। इन खेलों के माध्यम से प्रशिक्षुओं को अपनी प्रतिभा दिखाने और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा में भाग लेने का अवसर मिलेगा। संजेश कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता के दौरान अच्छा प्रदर्शन करने खिलाड़ियों का चयन जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं के लिए किया जाएगा। इससे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ने और अपने कौशल को बड़े मंच पर दिखाने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने बताया कि प्रदेशभर में इंटर हाउस प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। इसके बाद जिला स्तर की प्रतियोगिताएं होंगी। इनमें शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित किया जाएगा। प्रबंधन के अनुसार प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए आईटीआई में खेल मैदानों और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। प्रशिक्षु भी अपने-अपने ग्रुप के साथ अभ्यास में जुटे हुए हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि इंटर हाउस टूर्नामेंट से संस्थान में खेल संस्कृति को और मजबूती मिलेगी तथा प्रशिक्षुओं को अपनी प्रतिभा निखारने का बेहतर मंच मिलेगा।