क्रिकेट, कबड्डी वाॅलीबाल, और शतरंज मुकाबले होंगे संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला के समरहिल स्थित खेल मैदान में शनिवार से दो दिवसीय इंटर हॉस्टल फ्रेंडशिप खेल मीट का शुभारंभ हुआ। इस दो दिवसीय आयोजन में क्रिकेट, कबड्डी, वॉलीबाल, बैडमिंटन और शतरंज जैसी विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं होंगी। प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय के विभिन्न बॉयज हॉस्टल के छात्र और गर्ल्स हॉस्टल की छात्राएं भाग ले रही हैं।
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि मुख्य वार्डन डॉ. आरएल जिंटा ने किया। इस अवसर पर टैगोर बॉयज हॉस्टल के वार्डन डॉ. शमशेर राठौर, डॉ. पल्लवी भारद्वाज, डॉ. जोगिंदर रिल्टा, डॉ. नीलम सहित अन्य वार्डन भी उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेलों के महत्व पर प्रकाश डाला। आयोजकों प्रवीण और आगम ने बताया कि प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करना स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना और विश्वविद्यालय स्तर पर छिपी खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन छात्रों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। आयोजन के समापन समारोह में विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी, मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। दो दिन तक चलने वाली इस प्रतियोगिता से विश्वविद्यालय परिसर में खेलों को लेकर उत्साह का माहौल बना हुआ है।