मौसम आधारित फसल बीमा योजना के तहत बागवानों को क्लेम नहीं देने वाली बीमा कंपनियों को तलब किया जाएगा। बागवानों को वर्ष 2019-20 की राशि अभी नहीं मिलने पर बागवानी मंत्री महेंद्र सिंह ने कड़ा संज्ञान लिया है। शुक्रवार को प्रश्नकाल के दौरान मंत्री ने कहा कि बागवानों से पांच फीसदी प्रीमियम लेने के मामले की भी समीक्षा की जाएगी। भाजपा विधायक नरेंद्र बरागटा ने कह कि क्लेम नहीं देने वाली कंपनियों को ब्लैक लिस्ट किया जाना चाहिए। केंद्र सरकार की योजना का सही तरीके से लाभ नहीं मिल रहा है। जवाब में मंत्री ने बताया कि प्रदेश में मौसम आधारित फसल बीमा योजना एक अप्रैल, 2016 से लागू की जा रही है।