वहीं बस हादसे में अधिकतर बंजार और कुल्लू जिले के सीमांत क्षेत्र मंडी के लोगों की मौत हुई है। बस में जिभी जा रही दिल्ली की एक पर्यटक महिला की भी मौत हो गई है। इसकी पहचान मानता पुत्री राजवीर दिल्ली के रूप में हुई है। एक पर्यटक घायल हो गया है।प्रशिक्षु डॉक्टर मोहम्मद तलहार जिभी घूमने जा रहा था, लेकिन बस गिरने से वह बुरी तरह से घायल हो गया है।
अस्पताल में मोबाइल की रोशनी में चलता रहा काम
बंजार अस्पताल में वीरवार को लाशों को रखने के लिए प्रांगण छोटा पड़ गया। वहीं, अस्पताल के एक कोने में मोबाइल की लाइट की रोशनी से काम चलता रहा। पुलिस के कर्मचारी अस्पताल के एक कोने में मोबाइल की रोशनी से काम निपटाते रहे। बंजार अस्पताल में क्षमता से अधिक घायल आने से व्यवस्था गड़बड़ा गई थी। हालांकि, मौके पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी भी मौजूद थे।