हिमाचल के सोलन जिले के बद्दी क्षेत्र में कुछ शरारती तत्वों ने दून से कांग्रेस विधायक रामकुमार चौधरी के होर्डिंग्स पर कालिख पोत दी है। यही नहीं जगह-जगह लगे उनके बैनर भी फाड़े हैं। हैरानीजनक ये है कि सिर्फ उनकी फोटो के साथ ही छेड़छाड़ हुई है जबकि सोनिया गांधी, राहुल, सीएम वीरभद्र सिंह समेत अन्य आला नेताओं के फोटो ठीक हैं। मामला सामने आने के बाद बद्दी में माहौल तनावपूर्ण हो गया है। विधायक ने मामले की शिकायत एसपी बद्दी को सौंपी हैं।
उधर, सियासी पारा भी गर्मा गया है। आरोपों-प्रत्यारोपों का दौर शुरू हो चुका है। हालांकि, एक गुट के नेता इस प्रकरण को हाल ही में बीबीएन में सीएम के दौरे के दौरान हुए झगड़े से भी जोड़ रहे हैं। एसपी बद्दी जी शिवा का कहना है कि जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने स्पॉट की फोटोग्राफी की है। स्थिति पर नजर रखे हुए हैं, जल्द शातिरों को पकड़ा जाएगा।