एपीएल टैक्स श्रेणी के उपभोक्ताओं को 52 रुपये की जगह अब 57 रुपये प्रतिकिलो चुकाने होंगे
विज्ञापन
एपीएल को 33, बीपीएल को 13 रुपये किलो मिलेगी चीनी संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। राजधानी के राशन डिपुओं में मिलने वाली चीनी की कीमतों में बढ़ोतरी हुई है। इसका सबसे अधिक असर एपीएल टैक्स श्रेणी के राशनकार्ड धारकों पर पड़ेगा।
नवंबर में इस श्रेणी के उपभोक्ताओं को चीनी खरीदने के लिए 57 रुपये प्रतिकिलो चुकाने होंगे जबकि अक्तूबर में यही चीनी 52 रुपये प्रतिकिलो की दर से मिल रही थी। ऐसे में पहले से महंगाई की मार झेल रहे परिवारों की रसोई का बजट और बिगड़ने वाला है। महंगाई से परेशान लोगों को अब सरकारी राशन डिपुओं में भी राहत नहीं मिल रही है। डिपुओं में चीनी के दाम पांच रुपये प्रतिकिलो बढ़ा दिए हैं। इसका सीधा असर एपीएल टैक्स श्रेणी के राशनकार्ड धारकों पर पड़ेगा। नई दरें लागू होने के बाद इन उपभोक्ताओं को नवंबर में चीनी के लिए 57 रुपये प्रतिकिलो देने होंगे। वहीं बाजार में पहले से ही चीनी करीब 70 रुपये प्रतिकिलो बिक रही है। ऐसे में डिपुओं में कीमत बढ़ने से उपभोक्ताओं को मिलने वाली राहत भी कम हो गई है। हालांकि नवंबर के लिए निर्धारित दरों के अनुसार सामान्य एपीएल कार्डधारकों को चीनी 33 रुपये प्रतिकिलो और बीपीएल परिवारों को 13 रुपये प्रतिकिलो की दर से मिलती रहेगी। मंगलवार को भी शहर के विभिन्न राशन डिपुओं में पहुंचे उपभोक्ताओं ने आटा, दाल, तेल और अन्य रोजमर्रा की खाद्य वस्तुओं की खरीदारी की। इस दौरान चीनी के दाम बढ़ने की जानकारी मिलने पर उपभोक्ताओं ने नाराजगी जताई। डिपुओं में खरीदारी करने पहुंचे अमित, दिवेश, नरेंद्र और दीपक ने कहा कि पहले से ही महंगाई ने रसोई का बजट बिगाड़ रखा है। उम्मीद थी कि सरकारी राशन डिपुओं में खाद्य वस्तुओं के दाम स्थिर रहेंगे, लेकिन यहां भी कीमतें बढ़ रही हैं। उन्होंने मांग की कि सरकारी डिपुओं में राशन की दरें स्थिर रखी जाएं।
शहर में 25 हजार से अधिक राशनकार्ड धारक
शहर में 25 हजार से अधिक राशनकार्ड धारक हैं। इनमें सामान्य एपीएल श्रेणी के 21,495, एपीएल टैक्स श्रेणी के 2,653 और बीपीएल श्रेणी के 1,018 राशनकार्ड धारक शामिल हैं। नवंबर में एपीएल टैक्स श्रेणी के उपभोक्ताओं को ही 57 रुपये प्रतिकिलो की दर से चीनी खरीदनी होगी, जबकि सामान्य एपीएल परिवारों को 33 रुपये और बीपीएल परिवारों को 13 रुपये प्रतिकिलो की दर से चीनी उपलब्ध करवाई जाएगी।
डिपुओं में पर्याप्त राशन उपलब्ध
जिला नियंत्रक खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले नरेंद्र धीमान ने बताया कि शहर के राशन डिपुओं में पर्याप्त मात्रा में राशन उपलब्ध है। उपभोक्ताओं को उनकी मांग के अनुरूप राशन मुहैया करवाया जा रहा है। किसी भी उपभोक्ता को परेशानी न हो, इसका ध्यान रखा जा रहा है।