योल छावनी में सेना का एक जवान संदिग्ध परिस्थितियों में ड्यूटी के दौरान लापता हो गया। मामला मंगलवार दोपहर बाद का है। बताया जा रहा है कि योल में हाल ही में तैनात हुई एक रेजिमेंट का जवान शेर सिंह निवासी सिरसा, हरियाणा मंगलवार को दिन में करीब डेढ़ बजे ड्यूटी पर तैनात हुआ था, लेकिन दोपहर बाद करीब तीन बजे वह ड्यूटी से लापता हो गया।
अधिकारियों ने तुरंत योल पुलिस चौकी में जवान के लापता होने की शिकायत दर्ज करवाई। योल पुलिस की टीम ने छावनी क्षेत्र सहित आसपास के इलाकों और बसों में सघन तलाशी अभियान चलाया, लेकिन लापता जवान का कोई सुराग नहीं मिल सका।
बुधवार शाम को सेना ने पंजाब के बठिंडा में लापता जवान की सर्विस राइफल और 20 राउंड बरामद कर लिए हैं। एएसपी डॉ. शिव कुमार ने पुष्टि करते हुए कहा कि सेना की ओर से शिकायत मिलने के बाद लापता जवान की तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई है।