भारत और वेस्टइंडीज के बीच 17 अक्तूबर को धर्मशाला में होने वाले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच के दौरान सुरक्षा देने की एवज में हिमाचल सरकार कोई फीस नहीं लेगी। ये बात कांगड़ा के पुलिस अधीक्षक बलवीर ठाकुर ने धर्मशाला में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान कही।
उन्होंने कहा कि वन डे मैच के लिए सुरक्षा मुहैया करवाने को लेकर एचपीसीए की ओर से दो पत्र आए थे। पहले पत्र में मैच अक्तूबर बताया गया था। इसके बाद आए दूसरे पत्र में एचपीसीए ने 17 अक्तूबर को वन डे मैच में सुरक्षा देने के बारे में लिखा था।
इसके बाद वन डे मैच में सुरक्षा मुहैया कराने के लिए प्रदेश सरकार की ओर से आदेश मिले थे। उपायुक्त ने भी मैच के आयोजन को लेकर बैठक बुलाई थी। इसके बाद जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने क्रिकेट स्टेडियम में जाकर सुरक्षा का जायजा भी लिया था।
फीस लेने की बात गलत
एसपी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय खेल मुकाबले में सुरक्षा मुहैया करवाने की एवज में पुलिस की ओर से फीस लेने की बातें मनघड़ंत हैं। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय खेल मुकाबले के दौरान सुरक्षा मुहैया करवाना पुलिस की जिम्मेदारी है। एचपीसीए का पत्र उन्हें पिछले कल ही मिला है।
डिप्लायमेंट प्लान पुलिस मुख्यालय को भेजा
पुलिस अध्यीक्षक बलवीर ठाकुर ने कहा कि वन डे मैच के आयोजन को लेकर जिला पुलिस ने डिप्लोयमेंट प्लान पुलिस मुख्यालय को भेज दिया है। मैच के दौरान सुरक्षा के लिए 1350 जवानों की तैनाती की जाएगी।
सुरक्षा के मद्देजनर 19 राजपत्रित अधिकारी, 88 महिला पुलिस जवान, 780 कांस्टेबल और 62 वायरलेस कर्मचारी तैनात रहेंगे। उन्होंने कहा कि कांगड़ा जिले में पुलिस पहले भी इस तरह के बड़े आयोजन कर चुकी है। दूसरे जिलों से भी पुलिस अफसर बुलाए गए हैं।
मैच के दौरान वन वे किया जाएगा मार्ग
एसपी ने कहा कि सुरक्षा का खाका सेक्टरों में बाटा जाएगा। हरेक सेक्टर में इंटर सेक्टर और सब सेक्टर होगा। गगल से मैकलोडगंज और डाढ से धर्मशाला तक चप्पे चप्पे पर पुलिस जवान तैनात रहेंगे।
ट्रैफिक व्यवस्था सुचारु रखने के लिए मार्ग वन वे किया जाएगा। पार्किंग के लिए दाड़ी, पुलिस ग्राउंड और साई हास्टल में सुविधा रहेगी। साई हास्टल में सिर्फ पास के आधार पर ही पार्किंग सुविधा मिलेगी।
क्रिकेट प्रेमियों की सुविधा के लिए दाड़ी से दर्शक लाने को स्पेशल बसें लगाई जाएंगी। इसमें अलग-अलग रैंक के अधिकारी तैनात होंगे।