इस साल मार्च में भारत और आस्ट्रेलिया के बीच टेस्ट मैच की सफल मेजबानी कर चुकी पर्यटन नगरी धर्मशाला साल के अंत में एक बार फिर क्रिकेट के खुमार में डूबेगी। बीसीसीआई द्वारा जारी घरेलू श्रृंखलाओं के कार्यक्रम में धर्मशाला के अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम को भारत-श्रीलंका के बीच वन-डे सीरीज के पहले मैच की मेजबानी मिली है।
दस दिसंबर को वीकएंड पर रविवार के दिन यह मैच खेला जाएगा। दिसंबर की सर्दी में धर्मशाला की तेज पिच पर टीम इंडिया के शेर और श्रीलंकाई चीतों के बीच भिड़ंत का रोमांच पूरे उत्तर भारत के क्रिकेट प्रेमियों को धर्मशाला की ओर खींचेगा।
लंबे समय बाद एचपीसीए स्टेडियम को वन-डे मैच की मेजबानी मिलने का धर्मशाला के होटल व्यावसासियों और कारोबारियों ने स्वागत किया है। कोतवाली व्यापार मंडल प्रधान अजिंद्र चकवाल ने कहा कि वन-डे मैच से निश्चित तौर पर धर्मशाला का पर्यटन कारोबार भी चमकेगा।