भारत-दक्षिण अफ्रीका टी-20 सीरीज के पहले मैच को लेकर रविवार को एचपीसीए क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला के बॉक्स ऑफिस में टिकट काउंटर लगेगा। सोमवार को दक्षिण अफ्रीका की टीम धर्मशाला पहुंच जाएगी। टीम की सुरक्षा के लिए प्रशासन ने पुख्ता प्रबंध कर लिए हैं। रविवार को बॉक्स ऑफिस में टिकटों की ऑफलाइन बिक्री में सस्ती टिकटों सहित सभी प्रकार की टिकटों की बिक्री होगी।
इससे पूर्व मैच के लिए 750 और 1000 रुपये की सस्ती टिकटें चार दिन ऑनलाइन बुक की गईं थीं, जबकि महंगी टिकटें अभी भी ऑनलाइन बिक रही हैं। भारत-दक्षिण अफ्रीका के पहले मैच के लिए 750 रुपये की सबसे सस्ती टिकट है, जबकि सबसे महंगी कॉरपोरेट बॉक्स की 10 हजार रुपये की टिकट है। बॉक्स ऑफिस में युवाओं को 750 और 1000 रुपये वाली सस्ती टिकटों के साथ 1200, 1500, 2000, 2500, 3000 और 10 हजार रुपये तक की टिकटें मिलेंगी।