भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच हिमाचल के धर्मशाला में होने वाले टी-20 क्रिकेट मुकाबले के लिए टिकटें 16 सितंबर से दर्शकों को मिलना शुरू हो जाएंगी। ऑनलाइन टिकट बुकिंग 16 से शुरू हो जाएगी। इसके बाद एचपीसीए धर्मशाला में टिकट काउंटर भी खोलेगा। यहां दर्शक मौके पर टिकट खरीद सकेंगे। पहले मैच पर सभी की निगाह होगी क्योंकि दोनों ही टीमें जीत से शुरुआत करना चाहेंगी।
2 अक्तूबर को भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच टी-20 क्रिकेट श्रृंखला का पहला मैच धर्मशाला में होगा। टिकटों की बिक्री के लिए एचपीसीए ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। 13 सितंबर को टिकट बेचने की दौड़ में शामिल तीन कंपनियों के साथ एचपीसीए की बैठक होगी। इसी बैठक में किसी एक कंपनी का नाम फाइनल किया जाएगा। ऐसे में जल्द ही टिकटें मुहैया करवाई जाएंगी।
छात्रों को भी कम रेट पर टिकटें
बुक माई शो, केंजुंगा और टिकट ऑनलाइन डॉट कॉम में से जो भी कंपनी सस्ती टिकट बेचने के साथ दर्शकों को बेहतर सुविधाएं देगी, एचपीसीए उसी का प्रस्ताव मंजूर करेगी। तीन में कौन सी कंपनी मैच की टिकटें बेचेगी, इसका अंतिम फैसला 13 सितंबर की बैठक में किया जाएगा। इसके बाद 16 सितंबर से दर्शकों को मैच की टिकटें मिलना शुरू हो जाएंगी।
मैच की टिकटों में कोई डुप्लीकेसी न हो और न ही टिकटें ब्लैक हों, इसके लिए एचपीसीए कंपनी से सुरक्षा की गारंटी लेगा। एचपीसीए ने इसके लिए कंपनियों को खास हिदायत दी है। वहीं, एचपीसीए युवाओं को इस बार भी निराश नहीं करेगी। पहले अंतरराष्ट्रीय टी-20 क्रिकेट मैच के लिए युवाओं को स्टूडेंट टिकटें भी मिलेंगी। यह टिकटें काफी कम दाम पर होंगी।
एचपीसीए के प्रेस सचिव मोहित सूद का कहना है कि टी-20 मैच के लिए टिकटों की बिक्री 16 सितंबर से शुरू हो जाएगी। 13 सितंबर की बैठक में कंपनी का नाम फाइनल कर दिया जाएगा, जो टिकटें बेचेगी। युवाओं के लिए स्टूडेंट टिकटें भी मुहैया करवाई जाएंगी।