दक्षिण अफ्रीका टीम के कप्तान क्विंटन डीकॉक ने प्रेसवार्ता में कहा कि अभी हाल ही में उन्होंने आस्ट्रेलिया की टीम को 3-0 से मात दी है। इसके चलते हमारे हौसले पूरी तरह से बुलंद हैं। टीम के कई खिलाड़ियों के पास धर्मशाला में मैच खेलने का अनुभव है। हम पहले भी यहां पर टी-20 मैच में भारतीय टीम को मौत दे चुके हैं।
उन्होंने कहा कि उनकी टीम में कुछ नए चेहरे शामिल हैं, जिन पर उन्हें पूरी तरह से विश्वास है। आस्ट्रेलिया के साथ हुई सीरिज में हमने स्पिन गेंदबाजी से शुरुआत की थी, जिसका हमें काफी फायदा मिला है। इस रणनीति को हम भारतीय टीम के साथ भी अपना सकते हैं।
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच 12 मार्च को धर्मशाला में होने वाले वन डे मैच से पहले बीसीसीआई ने कोरोना वायरस से बचने के लिए खिलाड़ियों और टीम के सदस्यों को एहतियात बरतने की सलाह दी है। बीसीसीआई की मेडिकल टीम दोनों टीमों के सभी खिलाड़ियों, टीम सदस्यों, एचपीसीए स्टाफ को कोरोना वायरस से बचने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी निर्देशों का पालन करवाने के लिए जानकारी देगा।
मेडिकल टीम के मुताबिक पानी और साबुन से हाथ कम से कम 20 सेकेंड तक धोना जरूरी है। हैंड सेनिटाइजर का इस्तेमाल करना होगा। खिलाड़ी या अन्य स्टाफ को बुखार, खांसी और बीमार होने पर तुरंत बीसीसीआई की मेडिकल टीम को जानकारी देनी होगी। हाथ धोने से पहले मुंह, नाक और आंखों को छूना नहीं होगा। लोगों से समन्वय दूरी बनाकर करना होगा। हाथ मिलाने से परहेज करना होगा। सेल्फी लेने के लिए लोगों का फोन हाथ में नहीं पकड़ना होगा।