फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

देश की पहली बुलेट ट्रेन के डिजाइन का 80 फीसदी काम पूरा

Tue, 27 Mar 2018 12:38 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो, शिमला
विज्ञापन
विज्ञापन

देश की पहली हाई स्पीड बुलेट ट्रेन के लिए दिल्ली, मुंबई और जापान के इंजीनियरों ने पुल और सुरंगों के डिजाइन का 80 फीसदी काम पूरा कर लिया है। अहमदाबाद और मुंबई के बीच चलने वाली यह ट्रेन 12 स्टेशनों पर रुकेगी। शिमला में एक कार्यशाला के लिए पहुंचे राष्ट्रीय हाई स्पीड रेल कारपोरेशन (एनएचएसआरसी) के प्रबंध निदेशक अचल खीरे ने यह जानकारी दी।

विज्ञापन


खीरे ने बताया कि परियोजना के लिए दोनों राज्यों में भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। 2022 तक प्रोजेक्ट के पूरा होने की उम्मीद है। हाई स्पीड ट्रेन सेवा शुरू होने के बाद तीन घंटे से भी कम समय में दोनों शहरों के बीच 500 किलोमीटर से अधिक की दूरी तय होगी।

ट्रेन के लिए प्रस्तावित गलियारा मुंबई में बांद्रा-कुर्ला कांप्लेक्स (बीकेसी) से शुरू होगा और अहमदाबाद में साबरमती रेलवे स्टेशन पर खत्म होगा। ट्रेन की लाइन महाराष्ट्र के 108 गांवों से गुजरेगी। इनमें से अधिकांश गांव पालघर जिले में पड़ते हैं। खीरे ने बताया कि 17 गांवों में भूमि अधिग्रहण करने के लिए नोटिस जारी किया जा चुका है।

विज्ञापन
विज्ञापन

आग और भूकंप प्रतिरोधी होगी परियोजना

खीरे ने बताया कि यह पूरी परियोजना आग और भूकंप प्रतिरोधी होगी। उन्होंने कहा कि हवा का रुख मापने के लिए विशेष उपकरण भी लगाने की योजना है। भूकंप संवेदनशील इलाकों में भी उपकरण लगाए जाएंगे। इसके अतिरिक्त विंड मानीटर सिस्टम लगाया जाएगा। ट्रेन का संचालन हवा की गति पर निर्भर करेगा।

यदि हवा की रफ्तार 30 मीटर प्रति सेकेंड से चल रही होगी तो ट्रेन का ऑपरेशन बंद कर दिया जाएगा। 508 किलोमीटर के इस ट्रैक को पूरी तरह दुर्घटना रोधी बनाया जा रहा है। यह भी व्यवस्था की जा रही है कि जरूरत पड़ने पर 8 से 10 मिनट में राहत कार घटना स्थल पर पहुंच जाए। यह ट्रेन 320 सेकेंड में 320 किमी प्रति घंटा की अधिकतम गति हासिल करेगी और इस दौरान 18 किलोमीटर यात्रा तय करेगी।

बांद्रा-कुर्ला कांप्लेक्स से 10 मिनट में पहुंचेंगे मुंबई ठाणे
बांद्रा-कुर्ला कांप्लेक्स से मुंबई ठाणे तक की दूरी महज 10 मिनट में तय होगी और पालघर जिले के विरार से 24 मिनट में पहुंचा जा सकेगा। अधिक भीड़ के दौरान पीक ऑवर में तीन ट्रेनें चलाई जाएंगी जबकि नान पीक ऑवर में दो ट्रेनें चलाने की योजना है। दोनों स्टेशनों के बीच रोजाना 70 ट्रिप चलेंगे। प्रत्येक दिशा में 35 ट्रिप चलाए जाएंगे।

अनुमान के मुताबिक रोजाना 40 हजार यात्री सफर करेंगे। उन्होंने बताया कि कम देरी के लिए रुकने वाली ट्रेनें बांद्रा-कुर्ला कांप्लेक्स, सूरत, वडोदरा, अहमदाबाद और साबरमती स्टेशनों पर रुकेंगी। खीरे ने बताया कि लांचिंग से पहले खाली ट्रेनें 10 हजार किलोमीटर परीक्षण के तौर पर चलाई जाएंगी। 10 कार ट्रेन व्यावसायिक वर्ग की होंगी जबकि नौ ट्रेन कारें स्टेंडर्ड क्लास की होंगी। 2033 के बाद ट्रेनों में 16 कारें होंगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें