भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच 2 अक्तूबर से शुरू होने वाली महात्मा गांधी-नेल्सन मंडेला सीरीज की ट्रॉफी एक अक्तूबर को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में भव्य समारोह के बीच लॉन्च की जाएगी। इसके अलावा एक और खास चीज भी लॉन्च की जाएगी। सीरीज के शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान भारत-दक्षिण अफ्रीका के शांति के दो दूतों महात्मा गांधी और नेल्सन मंडेला के नाम का टॉस सिक्का भी लांच किया जाएगा।
सीरीज के पहले मैच का टॉस इसी सिक्के से होगा। एक अक्तूबर के इस भव्य कार्यक्रम में भारतीय टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी और दक्षिण अफ्रीका के कप्तान डू प्लेसिस मौजूद रहेंगे। इसके अलावा कार्यक्रम में बीसीसीआई सचिव अनुराग ठाकुर सहित अन्य पदाधिकारी भी विशेष रूप से शिरकत करेंगे। एचपीसीए प्रवक्ता संजय शर्मा ने बताया कि एक अक्तूबर को सीरीज की ट्रॉफी की लांचिंग पर कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।