क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में अब तक दो अंतरराष्ट्रीय मैच खेले गए हैं। दोनों एक दिवसीय मैचों में टीम इंडिया टॉस नहीं जीत पाई है। टीम इंडिया के कैप्टन कूल महेंद्र सिंह धोनी दो अक्तूबर को धर्मशाला में होने वाले टी-20 मैच में टॉस जीतना चाहेंगे, क्योंकि तेज और उछाल भरी धर्मशाला की पिच पर टॉस अहम भूमिका निभा सकता है।
यह मैच भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच सीरीज का पहला मैच होगा। ऐसे में दोनों टीमों के लिए टॉस अहम रोल अदा करेगा। यह मैदान भारतीय टेस्ट टीम के कप्तान विराट कोहली और मध्यक्रम के बल्लेबाज सुरेश रैना के लिए लक्की रहा है। इस बार भी प्रशंसकों को भारतीय टीम के इन स्टार खिलाड़ियों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद होगी।