रोहड़ू/शिमला। मुख्यमंत्री ने सोमवार को जुब्बल-कोटखाई क्षेत्र की जनता के लिए करोड़ों की परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास किए। इनमें प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत धनसर में 4.14 करोड़ से बने संपर्क सड़क मार्ग, 3.85 करोड़ से निर्मित घयान-सोजला संपर्क मार्ग के स्तरोन्यन और मैटलिंग, 54.46 लाख से निर्मित पन्सारी संपर्क मार्ग, 61.11 लाख से निर्मित बड़ाल-बनाना-कटारला-नलीबान संपर्क मार्ग और 30.78 लाख से मुरल-वीरगढ़ संपर्क मार्ग आदि शामिल हैं। उन्होंने मानदल की आंशिक रूप से कवर की गई बस्तियों के लिए 40.78 लाख की जलापूर्ति योजना भी शुरू की।
सीएम ने सरस्वतीनगर हाटकोटी में 39 लाख से निर्मित उप-मंडल कार्यालय और लोक निर्माण विभाग के स्टोर का भी आरंभ किया। जयराम ठाकुर ने क्षेत्र के लगभग एक लाख लोगों की सुविधा के लिए 39.58 करोड़ से हाटकोटी में निर्मित होने वाले 66 केवी सब स्टेशन, लाल बहादुर शास्त्री राजकीय महाविद्यालय सरस्वती नगर में 8.37 करोड़ से निर्मित होने वाले ऑडिटोरियम और 30 लाख से नकराड़ी में बनने वाले पशु औषधालय के भवन की आधारशिलाएं भी रखीं। मुख्यमंत्री ने 1.07 करोड़ से निर्मित होने वाले खरशाल-शिलोली वाया धनसर संपर्क मार्ग, जुब्बल में उप-मंडल कार्यालय और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के लिए आवासों, सराली-कपारी-सनोली संपर्क मार्ग, सलाना गांव के संपर्क मार्ग, जखेला-डोगरी-मडेक संपर्क मार्ग और छिकली गांव के संपर्क मार्ग और शिल्ली-रोशाल संपर्क मार्ग की आधारशिलाएं भी रखीं।
सीएम ने जलजीवन मिशन के तहत रावी, थाना, पंदराणू, जालटा, गिलटाड़ी और अंटी ग्राम पंचायतों के छूटे गांवों के लिए 6.43 करोड़ से निर्मित होने वाली उठाऊ और बहाव पेयजल आपूर्ति योजना, कठासू, मण्ढोल, कोट काईना, सारी, बराल और धनार पंचायतों के छूटे हुए गांवों के लिए 2.77 करोड़ से निर्मित होने वाली उठाऊ और बहाव पेयजल आपूर्ति योजना की नींव रखी।
वहीं, झड़ग, नकराड़ी, जालटा और रावी ग्राम पंचायतों के छूटे हुए घरों के लिए उठाऊ और बहाव पेयजल जलापूर्ति योजना, जल जीवन मिशन के तहत शाली, पराल, जयपीड़ी माता और शिल्ली पंचायत के छूटे हुए घरों के लिए उठाऊ और बहाव पेयजल आपूर्ति योजना सहित जुब्बल और नगर पंचायत के लिए पेयजल जलापूर्ति के विस्तार की भी आधारशिलाएं रखीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि जुब्बल कोटखाई में नाबार्ड के तहत 49 करोड़ से 14 सड़कों का निर्माण किया जा रहा है। इस दौरान शिमला संसदीय क्षेत्र के सांसद सुरेश कश्यप, जलशक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर, उपायुक्त शिमला अमित कश्यप, हिमाचल प्रदेश राज्य बिजली बोर्ड के प्रबंध निदेशक आरके शर्मा, एसडीएम रोहड़ू बीआर शर्मा सहित विभिन्न विभागों के उच्च अधिकारी मौजूद रहे।