सड़कों पर होने वाले विवादों से बाधित होता है यातायात अमर उजाला ब्यूरो शिमला। राजधानी की सड़कों पर वाहनों के बीच मामूली टक्कर होने के बाद कई बार दोनों पक्षों में विवाद हो जाता है। ऐसे मामलों में झगड़े और मारपीट की नौबत आने से कानून व्यवस्था बिगड़ने का खतरा रहता है।
सड़क पर विवाद के कारण यातायात बाधित होने से आम लोगों को भी परेशानी झेलनी पड़ती है। इसे देखते हुए शिमला ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी कर लोगों से संयम बरतने और विवाद की स्थिति में आपस में उलझने के बजाय ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक पुलिस कर्मियों को सूचित करने की अपील की है। इससे यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा सकेगी। इसके अलावा लोग दुर्घटना होने पर तुरंत इसकी वीडियो बना सकते हैं और फोटो भी खींचकर पुलिस को भेज सकते हैं।
राजधानी शिमला में वाहनों का अधिक दबाव और सड़कें तंग होने के कारण आए दिन वाहनों के बीच मामूली टक्कर के मामले सामने आते रहते हैं। इसके बाद कई बार दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो जाता है। लोग एक-दूसरे पर गलती का आरोप लगाकर उलझने लगते हैं और कई बार मामला मारपीट तक पहुंच जाता है। सड़क पर होने वाले ऐसे विवादों का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ता है। विवाद के कारण यातायात बाधित होने से स्कूल जाने वाले बच्चों से लेकर नौकरीपेशा लोगों और अन्य राहगीरों को परेशानी होती है। ऐसे ज्यादातर मामलों में बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो जाता है, लेकिन इस दौरान शहर की यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है। डीएसपी ट्रैफिक चंद्रशेखर ने बताया कि सड़क पर विवाद होने की स्थिति में लोगों को खुद उलझने के बजाय पुलिस को सूचित करना चाहिए। इससे गुस्से में होने वाले झगड़ों और मारपीट की घटनाओं को टाला जा सकता है। साथ ही आम लोगों को भी यातायात संबंधी परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा।