स्कूल-कॉलेजों में शिक्षकों के कक्षा में मोबाइल फोन पर बात करने की शिकायतों के चलते विभाग ने कड़ा संज्ञान लिया है। प्रदेश के सरकारी स्कूलों और कॉलेजों के परिसर में मोबाइल फोन इस्तेमाल करने पर पूर्ण रोक लगा दी गई है।
शनिवार को उच्च शिक्षा निदेशक डॉ. बीएल बिंटा ने सभी स्कूल-कॉलेज प्रिंसिपलों को नई व्यवस्था का पालन करने के आदेश जारी कर दिए हैं। आदेशों के तहत स्पष्ट किया गया है कि शिक्षक फोन का प्रयोग स्टाफ रूम में कर सकेंगे।
जबकि स्टूडेंट्स के लिए परिसर में विशेष स्थान चिन्हित किए जाएंगे। नई व्यवस्था की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने की बात भी कही गई है। उच्च शिक्षा निदेशालय के मुताबिक कई स्कूल-कॉलेजों से शिकायतें मिली हैं कि शिक्षक कक्षा में फोन का प्रयोग कर रहे हैं।