एक व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज संवाद न्यूज एजेंसी शिमला। राजधानी के समरहिल क्षेत्र में शाम को टहल रही एक महिला और उसके पालतू कुत्ते पर चार कुत्तों ने अचानक हमला कर दिया। यह घटना समरहिल के आंदड़ी क्षेत्र में हुई। हमले में गुंजन के हाथ में गंभीर चोटें आईं हैं। इसके अलावा पालतू कुत्ता भी मालिक को बचाने में बुरी तरह घायल हो गया।
हमले के बाद गुंजन ने पुलिस को शिकायत दी जिसके आधार पर एफआईआर दर्ज की है। चारों कुत्ते शिवकुमार नाम के एक स्थानीय निवासी ने कुछ साल पहले गोद लिए थे। लोगों का कहना है कि चारों कुत्तों को पूरा दिन खुला छोड़ा जाता है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुत्तों ने जब हमला किया तो रास्ते से गुजर रहे दो सेना के जवानों ने बीच में आकर स्थिति को संभाला तथा कुत्तों को भगाया। लोगों का कहना है कि शिकायत स्थानीय पार्षद से भी की लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। लोगों ने कहा कि इन कुत्तों को खुले में छोड़ने से हर कोई डर के माहौल में जी रहा है। वहीं पार्षद विरेंद्र ठाकुर ने बताया कि इन कुत्तों की पहले भी शिकायत आई थी जिसे वार्ड सभा और समाधान शिविर के माध्यम से निगम के पास पहुंचाया गया है। निगम इन पर कार्यवाही करेगा।