कोटी वन रेंज में जिस 50 बीघा जमीन पर 416 पेड़ काटे गए, वो वन विभाग की ही निकली है। तीन दिन निशानदेही के बाद राजस्व विभाग ने इसकी रिपोर्ट तैयार कर ली है। अब कभी भी आरोपी भूप राम की गिरफ्तारी हो सकती है।
वन विभाग के कई अफसरों पर भी अवैध वन कटान के इस मामले में गाज गिर सकती है। पुलिस की मौजूदगी में राजस्व विभाग ने पैमाइश पूरी की।
राजस्व विभाग ने साफ किया है कि जनेड़घाट के शलोट नाले में वन भूमि पर ही अवैध रूप से सैकड़ों पेड़ काट गए हैं। डीएसपी सिटी दिनेश शर्मा ने कहा कि अभी तक राजस्व और वन विभाग की ओर से कोई रिकॉर्ड नहीं दिया गया है। रिकॉर्ड मिलने के बाद पुलिस इस मामले में आगामी कार्रवाई करेगी।
जुन्गा तहसील के नायब तहसीलदार मेहर चंद वर्मा ने बताया कि शलोट नाले में हुए पेड़ कटान वाली भूमि की निशानदेही पूरी हो चुकी है। जिस भूमि पर पेड़ कटान हुआ है वह पूरी भूमि सरकारी वन विभाग की है।