पुलिस के अनुसार कोटी के जनेडघाट के शलोट में आरोपी भूप राम लंबे अरसे से अवैध कटान कर रहा था। बान और चीड़ के पेड़ों को काटने के बाद कोयला बना दिया गया और देवदार के स्लीपर बनाए गए।
पुलिस को लकड़ी की तस्करी का भी अंदेशा है। पांच बीघा जमीन पर अब एक भी पेड़ नहीं दिख रहा है। पुलिस और वन महकमे ने निशानदेही के लिए राजस्व विभाग को अर्जी दे दी है।
उधर, पेड़ कटान करने वाले भूप राम का कहना है कि उन्होंने अपनी निजी भूमि पर क्रशर स्थापित करने के लिए जगह खाली की है।
पुलिस में दी शिकायत के मुताबिक वन विभाग के रेंजर अनु ठाकुर ने बताया कि कोटी वन रेंज के तहत शलोट में भूपराम ने सरकारी भूमि पर 400 हरे-भरे पेड़ों का अवैध रूप से कटान कर दिया है। उन्होंने बताया कि कटान किए गए पेड़ों में अधिकतर देवदार, चील और बान के पेड़ हैं।
डीएसपी शिमला दिनेश ने बताया कि पेड़ कटान का मामला सामने आया है। मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
उन्होंने बताया कि आरोपी भूप राम के घर से 150 स्लीपर और कोयला भी बरामद किया गया है। जमीन की निशानदेही के बाद आरोपी पर कार्रवाई की जाएगी।
आरोपी धीरे-धीरे अरसे से बिना अनुमति पेड़ों का अवैध कटान कर इमारती लकड़ी और कोयलों का अवैध कारोबार कर रहा था। मौके पर पहुंच कर लकड़ी और कोयला सीज कर लिया है। पुलिस विभाग को सूचित कर दिया है। - अमित शर्मा, डीएफओ शिमला ग्रामीण