आयुक्त कोर्ट ने दो माह में अवैध निर्माण गिराने के दिए थे आदेश कमेटी का तर्क, अभी ठंड के चलते बंद किया गया है काम अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। राजधानी की संजौली मस्जिद में अवैध रूप से बनाईं तीन मंजिलों को गिराने का काम फिलहाल बंद पड़ा है। मस्जिद कमेटी ने तीन मंजिलों में से दो की दीवारें तो तोड़ दी है, लेकिन इनके लेंटर और पिलर टूटना अभी बाकी हैं।
कमेटी का दावा है कि फरवरी में ही अब इसका काम दोबारा शुरू होगा। पिछले साल सितंबर में हुई सुनवाई में मस्जिद कमेटी को दो माह के भीतर तीनों मंजिलों को गिराने के आदेश जारी हुए थे। मस्जिद कमेटी ने अवैध निर्माण गिराने का काम तो शुरू किया था लेकिन पूरा नहीं किया। 21 दिसंबर को हुई सुनवाई में आयुक्त कोर्ट ने सख्त आदेश जारी करते हुए दो माह के भीतर सारा अवैध निर्माण गिराने के आदेश जारी किए हैं। हालांकि इन आदेशों के बाद से मौके पर काम बंद है। इस पर मस्जिद कमेटी का तर्क है कि अभी ठंड के चलते मजदूर नहीं मिल रहे हैं, जो पहले काम कर रहे थे, वह इन दिनों गांव लौट गए हैं। फरवरी में इनके आने पर ही काम शुरू होगा। संजाैली मस्जिद कमेटी के अध्यक्ष मोहम्मद लतीफ ने कहा कि अभी मौके पर काम बंद है। ठंड के चलते अभी मजदूर नहीं मिल रहे हैं। अगले महीने मजदूर काम पर लौटेंगे। आदेशों के अनुसार तय समयसीमा के भीतर अवैध निर्माण हटा दिया जाएगा।