नगर निगम ने 31 जनवरी तक दिया पंजीकरण का मौका संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। राजधानी में 242 तहबाजारियों के पंजीकरण दस्तावेज पूरे पाए गए हैं। नगर निगम ने इन्हें पहचानपत्र भी जारी कर दिए हैं। पहचानपत्र में दी जगहों पर ही इन्हें अब बैठना होगा। निगम के अनुसार जारी किए कार्ड में आजीविका भवन और भज्जी हाउस में तहबाजारियों के लिए जगह आवंटित की है।
नगर निगम की टाउन वेडिंग कमेटी की बैठक मंगलवार को हुई। दोपहर तीन बजे शुरू हुई टाउन वेडिंग कमेटी (टीवीसी) की बैठक की अध्यक्षता नगर निगम आयुक्त भूपेंद्र अत्री ने की। बैठक में सामने आया कि अभी 450 तहबाजारियों के पंजीकरण दस्तावेज अभी भी अधूरे हैं। ऐसे में अब नगर निगम ने इन तहबाजारियों को पंजीकरण संबंधी दस्तावेज प्रक्रिया पूरी करने के लिए 31 जनवरी तक का अल्टीमेटम जारी किया है।
विज्ञापन
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि फिर भी यह तहबाजारी पंजीकरण प्रक्रिया संबंधी दस्तावेज नहीं दे पाते हैं तो अन्य तहबाजारियों के पंजीकरण प्रक्रिया का काम शुरू किया जाएगा। बैठक में कहा गया कि इन तहबाजारियों को एक फरवरी से बाजाराें और उपनगरों में नहीं बैठने दिया जाएगा। नियमों के तहत इन पर कार्रवाई की जाएगी। बाकियों के पंजीकरण संबंधी दस्तावेज प्रक्रिया समय पर पूरी हो इसके लिए नगर निगम ने संबंधित कर्मचारियों की छुट्टियां भी रद्द की हैं। बैठक में संयुक्त आयुक्त डॉ. भुवन शर्मा और टीवीसी के सदस्य शामिल रहें।
एसपी को दोबारा पत्र लिखेगा नगर निगम
शहर में हेरिटेज जगहों पर मोबाइल वेंडरों भारी संख्या में घूम रहे हैं। ऐसे में टाउन वेडिंग कमेटी की बैठक में यह मामला खूब गरमाया रहा। रिज, मालरोड और लक्कड़ बाजार में यह तहबाजारी बैठते हैं। यह लोग कौन है, इसकी पुलिस जांच करें। नगर निगम दोबारा एसपी संजीव गांधी को भी इसको लेकर पत्र लिख रहा है। इसके अलावा बैठक में सदस्यों ने कहा कि संबंधित क्षेत्र के एसएचओ इन पर निगरानी रखें।