मुख्यमंत्री के ओएसडी गोपाल शर्मा।
- फोटो : अमर उजाला
सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी गोपाल शर्मा मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के आफिसर ऑन स्पेशल ड्यूटी (ओएसडी) नियुक्त किए गए हैं। शनिवार को कार्मिक विभाग की ओर से इस बाबत अधिसूचना जारी की गई। 2009 बैच के आईएएस अधिकारी गोपाल शर्मा ने वर्ष 1986 में कुमारसेन से बतौर तहसीलदार सरकारी सेवाएं देना शुरू किया था।
वर्ष 1994 में शर्मा एचएएस कैडर में आए। जिला हमीरपुर के नादौन सहित बड़सर, देहरागोपीपुर और चंबा में बतौर एसडीएम गोपाल शर्मा सेवाएं दे चुके हैं। चंबा, भरमौर और शिमला में एडीएम रह चुके हैं। नगर निगम शिमला में संयुक्त आयुक्त और राज्य सहकारी बैंक के प्रबंध निदेशक के पद पर सेवाएं दे चुकें हैं।
गोपाल शर्मा विशेष सचिव शिक्षा के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। इन्होंने विभिन्न विषयों में 15 डिग्रियां प्राप्त की हैं। भारत के विभिन्न राज्यों सहित 20 देशों का दौरा भी गोपाल शर्मा ने किया है। गोपाल शर्मा मूल रूप से जिला सोलन के अर्की के रहने वाले हैं।