नगर निगम ने जारी किया बजट, नियमित कर्मियों को 5 फीसदी डीए की किस्त भी जारी
विज्ञापन
दिवाली पर 30 हजार तक एडवांस ले सकेंगे कर्मी
अमर उजाला ब्यूरो शिमला। राजधानी में सफाई व्यवस्था का जिम्मा संभाल रहे सैहब सोसायटी के कर्मचारियों को दिवाली से पहले तनख्वाह के साथ बोनस का पैसा भी मिलेगा। इसके अलावा एमसी के कर्मचारियों के लिए 5 फीसदी डीए की किस्त भी जारी की है।
वहीं सैहब सोसायटी 720 से ज्यादा कर्मचारियों को तनख्वाह और बोनस देने के लिए नगर निगम ने करीब तीन करोड़ रुपये का बजट जारी किया है। सात नवंबर से पहले यह तनख्वाह और बोनस का पैसा कर्मचारियों के खाते में जमा हो जाएगा। हर साल नगर निगम सैहब सोसायटी के कर्मचारियों को बोनस के रूप में 1500 रुपये देता है। निगम प्रशासन के अनुसार नए पोर्टल के इस्तेमाल के चलते पिछले तीन महीने से नगर निगम को कूड़ा शुल्क के रूप में बेहद कम पैसा मिला है। कर्मचारियों को दिवाली के उपलक्ष्य पर समय पर तनख्वाह मिले, इसके लिए नगर निगम ने अपने फंड से बजट का प्रावधान किया है। यह पैसा बुधवार को सैहब सोसायटी को जारी कर दिया गया है।
विज्ञापन
निगम प्रशासन ने नियमित कर्मचारियों के पांच फीसदी डीए की किस्त भी जारी की है। इसके अलावा दिवाली पर 30 हजार रुपये एडवांस के लिए आवेदन करने वाले कर्मचारियों को भी बुधवार को पैसा देने के लिए 80 लाख रुपये के बजट को मंजूरी दे दी है। अगले एक-दो दिन में यह पैसा कर्मचारियों के खाते में जमा हो जाएगा। महापौर सुरेंद्र चौहान ने कहा कि दिवाली मुख्य त्योहार है और कर्मचारियों की मांग के अनुसार उन्हें पैसा जारी किया जा रहा है। सैहब कर्मी शहर को साफ-सुथरा बनाने में अहम भूमिका निभा रहे हैं, उन्हें तनख्वाह के साथ बोनस राशि भी दिवाली से पहले मिलेगी।
ठेकेदारों का पैसा रोका, करना होगा इंतजार
कंगाली से जूझ रहे नगर निगम को कर्मचारियों को एडवांस लोन, सैहब कर्मचारियों को तनख्वाह के साथ बोनस देने के लिए ठेकेदारों के बिल भुगतान रोकने पड़े हैं। इन ठेकेदारों को अब दिवाली के बाद ही पैसा आने पर बिल भुगतान होगा। नगर निगम को ठेकेदारों के 20 करोड़ रुपये से ज्यादा के बिल का पैसा जारी करना है।