कोरोना के बढ़ते मामलों के चलते डीसी आदित्य नेगी ने दिए व्यवस्था करने के निर्देश
शिमला। शहर में बढ़ते कोरोना के मामलों ने स्वास्थ्य महकमे और जिला प्रशासन की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। डीसी आदित्य नेगी ने प्रशासनिक अधिकारियों और आईजीएमसी प्रबंधन तथा जिला स्वास्थ्य विभाग के साथ कोरोना के ताजा हालातों पर चर्र्चा की।
डीसी आदित्य नेगी ने अधिकारियों को बिस्तरों की क्षमता बढ़ाने के निर्देश दिए। डीसी ने कहा कि सेना अस्पताल (वॉकर अस्पताल) में 100 अतिरिक्त बिस्तरों के साथ ऑक्सीजन और अन्य आवश्यक सामान उपलब्ध करवाया जाएगा। इसके साथ आईजीएमसी शिमला में 50 अतिरिक्त बिस्तरों की व्यवस्था की है। यहां चरणबद्ध तरीके से अतिरिक्त बिस्तरों की क्षमता को बढ़ाया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग से बातचीत कर जिले में डॉक्टरों की कमी को पूरा करने के लिए डेंटल कॉलेज के डॉक्टरों और फाइनल ईयर के छात्रों की सेवाएं ली जाएंगी। नर्सिंग स्टाफ की कमी को पूरा करने के लिए नर्सिंग कॉलेज के छात्राओं की सेवाएं ली जा सकती। अन्य स्टाफ को आउटसोर्स किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि सेना अस्पताल में सिलिंडरों की ढुलाई के लिए श्रमिकों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। इसके अलावा किसी भी विपरीत परिस्थिति का सामना करने के लिए शहर और निकटवर्ती स्थानों पर अतिरिक्त बिस्तरों के साथ ऑक्सीजन की व्यवस्था होगी। डीसी ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग को जिले में ऑक्सीजन सिलिंडरों की आवश्यकता को पूरा करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों को जिले में स्थापित होने वाले ऑक्सीजन संयंत्र और अन्य उपकरणों की अनुमानित लागत का खर्च उपायुक्त कार्यालय को भेजने को कहा है।
जिले में बढ़ाई जाएगी टेस्टिंग
जिले में कोरोना टेस्टिंग बढ़ाई जाएगी। बताया कि निगरानी एवं होम आइसोलेशन प्रणाली को सुदृढ़ करने के मकसद से संबंधित विभागों को दिशा निर्देश जारी कर दिए हैं। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त अपूर्व देवगन, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (प्रोटोकॉल) विनय धीमान, एससडीएम (शहरी) मनजीत शर्मा, आईजीएमसी कार्यकारी प्राचार्य डॉ. सुरेंद्र सिंह, एमएस डॉ. जनकराज, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुरेखा चोपड़ा और जिला निगरानी अधिकारी डॉ. राकेश भारद्वाज मौजूद रहे।