डोभी में अभी भी 1960 के दशक में पूर्व पीएम जवाहर लाल की ओर से बनवाए सिंगल लेन पुल से काम चल रहा है। इसकी वजह से सैलानियों को जाम के चलते कई किलोमीटर लंबी लाइन में घंटों रहकर आगे घिसकते हुए जाना पड़ रहा है।
किसी तरह से 16 मील में हो रहे भूस्खलन को पार करने के बाद मनाली से छह किलामीटर पहले रांगड़ी से ही जाम शुरू हो जाता है। हैरानी की बात है कि स्थानीय मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर के प्रयासों से रांगड़ी से मनाली तक फोरलेन की तर्ज पर सड़क के बीच डिवाइडर लगवाया गया है।
लेकिन अपनी लेन के बजाय सड़क पर दोनों ओर से तीन-तीन लाइनें लगने से समस्या और विकराल हो रही है। रोहतांग सैर पर निकले सैलानियों के लिए जाम के चलते यह टूर बुरे सपने का अनुभव दे रहा है।
रोहतांग के लिए 1300 वाहनों की लिमिट होने के बावजूद पर्यटक लाहौल परमिट के नाम पर रोहतांग घूम रहे हैं। मढ़ी के आसपास सोमवार को भारी जाम लगा रहा, जिससे खोलने पुलिस व होमगार्ड के जवानों को भी परेशान होना पड़ रहा है।
उधर, एएसपी कुल्लू राजकुमार ने बताया कि पुलिस यातायात सुचारु बनाए रखने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है। इस दिशा में उन्होंने सैलानियों समेत स्थानीय लोगों से सहयोग की अपेक्षा की है।