ओल्ड बस स्टैंड में एचआरटीसी कर्मचारियों की संयुक्त संघर्ष समिति प्रदर्शन के कारण शहर दो घंटे के लिए जाम हो गया। करीब दो घंटे तक आवाजाही ठप रही। सुबह साढ़े ग्यारह बजे से डेढ़ बजे तक ओल्ड बस स्टैंड से बसें रवाना नही हुईं। ओल्ड बस स्टैंड में बसों की एंट्री बंद होने के कारण सर्कुलर रोड पर लंबा जाम लग गया। इससे हजारों लोग परेशान हुए।
परिवहन विभाग की ओर से जारी किए गए रूट परमिट को रद्द करने की मांग को लेकर बुधवार को एचआरटीसी कर्मचारियों ने ओल्ड बस स्टैंड में प्रदर्शन किया। संयुक्त समन्वय समिति के संयोजक खेमेंद्र गुप्ता ने बताया कि परिवहन विभाग ने कायदे कानूनों को ताक पर रख कर प्राइवेट बसों को रूट परमिट जारी किए हैं। इस मुद्दे को परिवहन विभाग के अधिकारियों के समक्ष उठाया गया है बावजूद कार्रवाई नहीं की जा रही।
लोकल बसों के 60 ट्रिप प्रभावित
जाम के कारण ओल्ड बस स्टैंड से रवाना होने वाले लोकल बसों के 60 से अधिक ट्रिप फेल हो गए। लोगों को ओल्ड बस स्टैंड के बाहर से बसें लेनी पड़ी। जाम के कारण पुलिस ने बसों को ज्यादा देर तक रुकने नहीं दिया। जिसके कारण लोगों को बसें छूट गई।
बसें टेढी खड़ी कर रोक दिया एंट्री, एग्जिट प्वाइंट
ओल्ड बस स्टैंड में 11 बज कर 40 मिनट पर एचआरटीसी बसें टेढ़ी खड़ी कर बस स्टैंड की एंटी और एग्जिट बंद कर दी गई। इसके बाद न तो कोई बस ओल्ड बस स्टैंड में एंटर हो पाई और न ही कोई बस बस स्टैंड से बाहर निकल पाई, जिसके कारण लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी।
इमरजेंसी मीटिंग बुला कर सेटल किया टाइम टेबल
बुधवार को इमरजेंसी मीटिंग बुलाई गई थी। एचआरटीसी के अधिकारियों को भी मीटिंग में बुलाया गया था। टाइम टेबल को लेकर एचआरटीसी की ओर से दर्ज करवाई गई आपत्तियां सेटल कर दी गई हैं। रूट परमिट जारी करना और कैंसल करना आरटीओ के क्षेत्राधिकार में नहीं है। आरटीए की मीटिंग में इसे लेकर फैसला होगा।-प्रशांत देष्टा, आरटीओ शिमला
अवैध परमिट रद करने का किया है अनुरोध
रूट परमिट जारी करने में निर्धारित प्रक्रिया का पालन नहीं हुआ है। परिवहन विभाग से अवैध रूट परमिट को रद्द करने का अनुरोध किया गया है।-देवासेन नेगी, आरएम, एचआरटीसी
ट्रैफिक रोकने वालों के खिलाफ दर्ज हो केस
ट्रैफिक रोकने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जानी चाहिए। वीरवार को जाम के कारण प्राइवेट आपरेटरों के रूट फेल हुए हैं, हजारों लोगों को भी परेशानी झेलनी पड़ी है। -अमित चड्ढा, महासचिव, प्राइवेट बस ऑपरेटर यूनियन