हिमाचल पथ परिवहन निगम चालक संघ की बैठक प्रदेशाध्यक्ष मानसिंह की अध्यक्षता में हुई। बैठक में कर्मचारियों को पेश आ रही समस्याओं पर चर्चा की गई। साथ ही समस्या के समाधान के लिए परिवहन मंत्री जीएस बाली को भेजने के लिए मांगपत्र भी तैयार किया।
कर्मचारियों ने मार्च 2017 के बाद चार माह का रात्रि भत्ता और 4-9-14 का 38 फीसदी एरियर और दस फीसदी डीए की बकाया राशि का भुगतान करने की मांग की है। अध्यक्ष मान सिंह ठाकुर ने कहा कि अब तक कर्मचारियों ने महज 30 फीसदी साप्ताहिक अवकाश ही काटे हैं। कर्मचारियों के 70 फीसदी अवकाश शेष हैं।
प्रबंधन साप्ताहिक अवकाश पर आए दिन नए फरमान जारी कर रहा है, जबकि स्टाफ शार्टेज का हवाला देकर कर्मचारियों को साप्ताहिक अवकाश तक काटने नहीं दिया जा रहा है। ऐसे में कर्मचारियों ने प्रबंधन से मांग की है कि उनके शेष अवकाश नए साल में जोड़े जाएं।
इसके साथ ही कर्मचारियों ने निगम को रोडवेज बनाने की मांग की है। साथ ही मांग की है कि अगर सरकार निगम को रोडवेज बनाने में सक्षम नहीं है तो निगम के लिए अलग से बजट का प्रावधान किया जाए, जिससे एचआरटीसी पेंशनरों को पेंशन के लिए भटकना न पड़े।
इस मौके पर बैठक में उपाध्यक्ष शिव कुमार, विक्रम सिंह, सुरेश, जगरनाथ, सुभाष शर्मा, पवन ठाकुर और अमर नाथ आदि मौजूद रहे।