ऊना में दुकान के किराया वसूली मामले की जांच के बाद दोषी पाए जाने पर हिमाचल सरकार ने एचआरटीसी धर्मशाला के मंडलीय प्रबंधक दलजीत सिंह को निलंबित कर दिया है। आरोप है कि हमीरपुर मंडल में डीएम रहते हुए दलजीत ने ऊना में एचआरटीसी की दुकान एक आवेदक को लीज पर दी थी।
इस व्यक्ति से कई सालों तक दुकान का किराया नहीं वसूला गया। यह रिकवरी 61 लाख रुपये तक पहुंच गई थी। जब सरकार ने डीएम को रिकवरी करने के आदेश दिए तो उन्होंने अपनी रिपोर्ट में उक्त व्यक्ति को मृत दर्शा दिया था।
जबकि जांच के बाद पाया गया कि दुकानदार जीवित है। इसके चलते सरकार ने डीएम के खिलाफ कार्रवाई की है। परिवहन मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने निलंबन की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने इस मामले की जांच को पुन: कमेटी गठित की।
उन्होंने एचआरटीसी प्रबंधन को निर्देश दिए कि वे निलंबित किए डीएम का पक्ष भी सुने। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ परिवहन निगम सख्ती से पेश आएगा।