एचआरटीसी कंडक्टर यूनियन ने वेतन विसंगति दूर करने की मांग को लेकर एचआरटीसी प्रबंधन और प्रदेश सरकार के रवैये के खिलाफ 13 जुलाई से क्रमिक अनशन शुरू करने का फैसला लिया है।
हिमाचल पथ परिवहन निगम(एचआरटीसी) कंडक्टर यूनियन ने वेतन विसंगति दूर करने की मांग को लेकर एचआरटीसी प्रबंधन और प्रदेश सरकार के रवैये के खिलाफ 13 जुलाई से क्रमिक अनशन शुरू करने का फैसला लिया है। आगामी 21 जुलाई तक सभी मंडलीय कार्यालयों के बाहर क्रमिक अनशन होगा। अगर प्रदेश सरकार 21 जुलाई तक मांगें पूरी नहीं करती तो आंदोलन के अगले चरण का ऐलान कर दिया जाएगा। मंगलवार को शिमला में यूनियन के प्रांतीय प्रधान कृष्ण चंद की अध्यक्षता में बैठक में यह फैसला लिया गया।
विज्ञापन
बैठक में प्रदेश भर से आए परिचालकों ने भाग लिया। इसके बाद यूनियन के सदस्यों ने निगम मुख्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन किया। यूनियन ने पंचायत भवन से पुराना बस अड्डा तक रोष रैली भी निकाली और प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। शिमला लोकल यूनियन से प्रीत मोहिंद्र, संजय ठाकुर, शिमला ग्रामीण यूनिट से दीपेंद्र कंवर, मंडी यूनिट से यशवंत सिंह ने परिचालकों को संबोधित किया। बैठक में यूनियन के उपाध्यक्ष जीवन सिंह, प्रधान कृष्ण चंद, उप प्रधान पंकज, रतन लाल, महासचिव यशवंत ठाकुर मौजूद रहे।