सोशल मीडिया पर एचआरटीसी बस दुर्घटना की वायरल खबर को निगम ने पूरी तरह फर्जी बताया है। एचआरटीसी के मुख्य महाप्रबंधक पंकज सिंघल ने स्पष्ट किया कि हिमाचल प्रदेश में ऐसी कोई बस दुर्घटना रिपोर्ट नहीं हुई है। उन्होंने लोगों से अपील की कि अफवाहों पर विश्वास न करें और केवल आधिकारिक स्रोतों से जारी जानकारी को ही सही मानें।
सोशल मीडिया पर एचआरटीसी (हिमाचल पथ परिवहन निगम) की बस के दुर्घटनाग्रस्त होने की एक खबर तेजी से प्रसारित की जा रही है। इस खबर के वायरल होने के बाद निगम प्रबंधन ने तत्काल स्पष्टीकरण जारी करते हुए इसे पूरी तरह भ्रामक और असत्य बताया है।
विज्ञापन
एचआरटीसी के मुख्य महाप्रबंधक (सीजीएम) पंकज सिंघल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में एचआरटीसी बस की ऐसी कोई दुर्घटना रिपोर्ट नहीं हुई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर प्रसारित की जा रही जानकारी तथ्यों पर आधारित नहीं है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि सोशल मीडिया पर प्रसारित अपुष्ट खबरों पर विश्वास न करें और किसी भी सूचना को साझा करने से पहले उसकी पुष्टि अवश्य करें। उन्होंने कहा कि एचआरटीसी से संबंधित किसी भी घटना की जानकारी केवल निगम के आधिकारिक माध्यमों से ही प्राप्त करें।
विज्ञापन
निगम प्रबंधन ने कहा कि इस तरह की भ्रामक खबरें यात्रियों और आम लोगों में अनावश्यक भ्रम की स्थिति पैदा करती हैं। इसलिए जिम्मेदारी के साथ सोशल मीडिया का उपयोग करें और अफवाहों को आगे बढ़ाने से बचें।