एचआरटीसी के चंबा डिपो में सैकड़ों कर्मचारियों के रात्रि भत्ते और ओवरटाइम के लाखों रुपये डकारने के मामले की जांच करने शिमला और धर्मशाला से आईं टीमें दो दिन से रिकॉर्ड खंगाल रही हैं। शुक्रवार को शुरू हुई जांच शनिवार देर शाम तक चलती रही। एक या दो दिन तक ये टीमें चंबा में ही जांच करेंगी।
परिवहन कर्मचारी संघ ने एक कर्मचारी पर रात्रि भत्ता और ओवरटाइम का पैसा डकारने का आरोप लगाकर सीएम हेल्पलाइन में शिकायत की थी। इसके बाद एचआरटीसी प्रबंधन ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं।
मामले की जांच की जा रही है। जांच के दौरान रिकॉर्ड सील भी किया जा सकता है। जांच टीमें रिकॉर्ड अपने साथ भी ले जा सकती हैं। चंबा में जांच को पहुंचे डीएम धर्मशाला राज कुमार जरियाल ने बताया कि पूरा रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद ही कोई टिप्पणी की जा सकती है।
परिवहन मजदूर संघ के प्रदेशाध्यक्ष शंकर सिंह ठाकुर ने कहा कि कर्मचारियों की मेहनत पर किसी भी सूरत में डाका नहीं पड़ने दिया जाएगा। भ्रष्टाचार को सहन नहीं किया जाएगा। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्षता से जांच करवाने की मांग उठाई है।