भालू के हमले में कुनेड़ पंचायत निवासी एक महिला मौत हो गई। महिला के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद भालू को भगाया। गंभीर रूप से घायल महिला को अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, महिला पर भालू के हमला करने के बाद गांव में दहशत का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक शनिवार सुबह करीब साढ़े 9 बजे रंढियारा गांव निवासी कमलो देवी पत्नी लक्ष्मण अपने घर संजोठ नामक स्थान पर स्थित अधवारी की तरफ जा रही थी। रास्ते में भालू ने महिला पर हमला कर दिया। महिला के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर वहां से गुजर रहे ग्रामीण मौके पर पहुंचे और भालू को भगाया। ग्रामीण महिला को उठाकर नजदीकी अस्पताल ले आए। यहां उसे मृत करार दे दिया गया। ग्रामीणों ने वन्य प्राणी विभाग से भालू को पकड़ने की गुहार लगाई है।
कुनेड़ पंचायत के उपप्रधान विष्णु ने कहा कि भालू के हमले से गांव के लोगों में दहशत का माहौल है। डीएसपी चंबा अजय कपूर ने कहा कि पीएचसी धरवाला में पोस्टमार्टम के बाद महिला का शव परिजनों को सौंप दिया है। डीएफओ निशांत मंढोत्रा ने बताया कि विभाग की टीम मौके पर जाकर वस्तुस्थिति का जायजा लेकर रिपोर्ट तैयार करेगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद सरकार के निर्देशानुसार प्रभावित परिवार को हरसंभव सहायता राशि दी जाएगी।