शिमला-भौंट रूट पर एचआरटीसी बसों की निर्धारित समय पर आवाजाही न होने के कारण स्थानीय लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। स्कूली बच्चों और नौकरीपेशा लोगों को सबसे ज्यादा परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
कभी तो बस समय से आती है लेकिन ज्यादातर समय ये टाइम से नहीं चलती। भौंट निवासी रमेश कुमार, रूप सिंह, अश्वनी, अशोक कुमार, अनिल कुमार, राजेंद्र कुमार, संतराम और मुकेश का कहना है कि बस तय समय पर स्टॉपेज पर नहीं पहुंचती।
चालक परिचालक अपनी मनमर्जी से बस का संचालन करते हैं। यात्री बस का इंतजार करते रहते हैं और चालक परिचालक आधे रास्ते से ही बस वापस मोड़ लेते हैं।
लोगों का कहना है कि इस बारे में कई बार एचआरटीसी प्रबंधन को भी शिकायत की जा चुकी है लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। स्थानीय लोगों ने निगम प्रबंधन से भौंट रूट पर बसों का संचालन तय समय पर करने की मांग की है।