परिवहन मंत्री जीएस बाली ने कहा कि प्रदेश में लोगों की सुविधा के लिये परिवहन बेड़े में और विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हिमाचल पथ परिवहन निगम शीघ्र ही 300 नई बसें खरीदेगा। इसके अतिरिक्त 16 अत्याधुनिक लग्जरी बसें भी खरीदी जाएंगी। इन बसों की खरीद की प्रक्रिया शुरू कर दी है। परिवहन मंत्री शुक्रवार को एचआरटीसी की बस खरीद समिति की अध्यक्षता कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि 16 नई लग्जरी बसों की खरीद से प्रदेश के प्रमुख धार्मिक स्थलों एवं अन्य प्रदेशों को लग्जरी बस सुविधा से जोड़ने का लक्ष्य है। इससे प्रदेश में पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में वाल्वो का फ लीट बढ़ाकर 50 किया जाएगा। इससे यात्रियों को सुविधाजनक आवागमन सुनिश्चित होगा।
30, 37 और 47 सीटर होंगे 300 नई बसें
बाली ने कहा कि 300 नई बसें 30, 37 एवं 47 सीटों की होंगी और इनमें कम सीटों की छोटी बसों को प्रदेश के दूर-दराज एवं कठिन क्षेत्रों में चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जेएनयूआरएम के अंतर्गत खरीदी गई बसें प्रदेश के शहरी क्षेत्रों में यात्रिओं को बेहतर एवं संतोषजनक परिवहन सुविधा उपलब्ध करवा रही हैं। उन्होंने नई खरीदी जाने वाली बसों में आरामदायी सीटें एवं सात एमएम से अधिक की फ्रेम थिकनेस सुनिश्चित बनाने के अधिकारियों को निर्देश दिये।
परिवहन मंत्री ने समिति के सदस्यों को निर्देश दिये कि वेटलीज की बसों को चलाने के लिये हिमाचल पथ परिवहन निगम के चालकों की व्यवस्था की जानी चाहिए। उन्होंने बस चालक प्रशिक्षण स्कूलों में पुरानी वाल्वो बस उपलब्ध करवाने की बात भी कही। बैठक में प्रबंध निदेशक परिवहन अशोक तिवारी, ईडी आरके गौतम, महाप्रबंधक एचके गुप्ता, विशेष सचिव वित्त नलिन महाजन, वित्तीय सलाहकार एमएल महाजन, मंडलीय प्रबंधक संदीप दिवान, नवीन कपलस व अन्य अधिकारी तथा गैर सरकारी सदस्यों में मनोज मेहता व योगेश सैनी उपस्थित थे।