निगरानी कमेटी ने किया पेश आई समस्याओं का निपटारा
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की स्नातकोत्तर डिग्री कोर्स की सेमेस्टर परीक्षाएं सोमवार से निर्धारित शेड्यूल के अनुसार शुरू हो गईं।
पहले दिन सुबह और शाम के सत्रों में 47 से अधिक अलग-अलग डिग्री, डिप्लोमा कोर्स की परीक्षाएं हुईं। इन परीक्षाओं के लिए पूरे प्रदेश में स्थापित किए 46 परीक्षा केंद्रों से परीक्षा संचालन को लेकर आई समस्याओं का निगरानी कमेटी ने समाधान किया। हालांकि किसी भी परीक्षा केंद्र से परीक्षा, प्रश्नपत्र और ऑनलाइन रोलनंबर को लेकर कोई विशेष समस्या पेश नहीं आई। विवि के परीक्षा नियंत्रक प्रो. श्याम लाल कौशल ने कहा कि विवि की 18 नवंबर से शुरू हुई परिसर में चल रहे पीजी डिग्री और डिप्लोमा कोर्स की परीक्षाओं के बाद सोमवार से परिसर से बाहर कॉलेजों में स्थापित किए परीक्षा केंद्रों में पीजी परीक्षाओं का संचालन किया गया।
प्रदेशभर में बनाए गए परीक्षा केंद्रों में सोमवार से सभी पीजी कोर्स की नियमित परीक्षाएं शुरू हो गई हैं। पहले दिन सभी केंद्रों में शांतिपूर्ण ढंग से तय शेड्यूल के अनुसार परीक्षाएं आयोजित की गईं। सुबह और शाम दोनों सत्रों में हुई परीक्षाओं में कहीं से भी किसी तरह की शिकायत या बड़ी समस्या की रिपोर्ट नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों में ऑनलाइन जनरेट कर डाउनलोड किए एडमिट कार्ड पर ही परीक्षा हॉल में प्रवेश दिया गया। 25 दिसंबर तक चलने वाली इन पीजी परीक्षाओं में 18 हजार नियमित पीजी छात्र और 17 हजार प्राइवेट पढ़ाई कर रहे विद्यार्थी और री-अपीयर होने वाले छात्र-छात्राएं परीक्षाएं देंगें। परीक्षा नियंत्रक प्रो. श्याम लाल कौशल ने कहा कि सीडीओई इक्डोल के अधिकतर विद्यार्थियों के ऑनलाइन एडमिट कार्ड जनरेट हो चुके हैं। छात्र इसे डाउन लोड कर सकते हैं।
आरकेएमवी की छात्राओं ने भी दी परीक्षा
आरकेएमवी में इसी सत्र से शुरू हुए पांच पीजी कोर्स में प्रवेश लेने वाली कॉलेज की 103 छात्राओं ने भी पहली बार पीजी की परीक्षाओं में बैठ रही हैं। कॉलेज के इन पांचों कोर्स के लिए विवि के सेंटर फॉर इवनिंग स्टडीज विभाग में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। कॉलेज प्राचार्य डाॅ. अनुरिता सक्सेना ने कहा कि इवनिंग कॉलेज में ही अधिकतर छात्राओं का परीक्षा केंद्र बनाया है।