विद्यार्थियों का तर्क था कि नेट परीक्षा विभिन्न शहरों में आयोजित होती है। इससे कई अभ्यर्थियों को लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। विश्वविद्यालय की परीक्षाओं में शामिल होना उनके लिए कठिन हो रहा था। उन्होंने आंशिक बदलाव के बजाय पूरे परीक्षा कार्यक्रम में परिवर्तन की मांग की थी। विश्वविद्यालय ने उनकी इस मांग को स्वीकार करते हुए डेटशीट स्थगित करने का निर्णय लिया।
विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि पीजी साइंस पाठ्यक्रमों की परीक्षाएं यथावत रहेंगी। बीटेक और बीए एलएलबी (ऑनर्स) की परीक्षाओं पर इस निर्णय का कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। ये परीक्षाएं पहले से घोषित कार्यक्रम के अनुसार ही आयोजित होंगी। विश्वविद्यालय परीक्षा नियंत्रक श्याम लाल कौशल ने बताया कि संशोधित डेटशीट तैयार हो रही है। यह जल्द ही विद्यार्थियों के लिए जारी कर दी जाएगी। इससे यूजीसी नेट अभ्यर्थियों को दोनों परीक्षाओं के बीच संतुलन बनाने में राहत मिलेगी।
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय ने मंगलवार को शास्त्री तृतीय वर्ष का परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया है। 96.64 फीसदी छात्रों ने परीक्षा पास की है। विवि के अनुसार कुल 774 छात्रों ने परीक्षा दी थी। इनमें से 614 अभ्यर्थी परीक्षा में पास हुए हैं। गौरतलब है कि विवि ने अप्रैल-मई में परीक्षा आयोजित की थी। अब मंगलवार को विवि परीक्षा नियंत्रक श्याम लाल कौशल के कार्यालय से परीक्षा परिणाम घोषित होने की अधिसूचना जारी हुई है।
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) के लोक प्रशासन विभाग ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए आयोजित प्रवेश परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है। विभाग ने मेरिट आधार पर काउंसलिंग के लिए 51 विद्यार्थियों को शॉर्ट लिस्ट किया है। काउंसलिंग में दस्तावेजों के सत्यापन के बाद ही विद्यार्थियों को आरक्षण रोस्टर के अनुसार मेरिट आधार पर दाखिला दिया जाएगा। विभागीय अध्यक्ष के कार्यालय से जारी रिजल्ट अधिसूचना में स्पष्ट किया है कि विभाग जल्द ही काउंसलिंग प्रक्रिया आयोजित करेगा।