हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय और इससे संबद्ध महाविद्यालयों में स्नातक स्तर पर डाटा साइंस और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की पढ़ाई शुरू होगी। कुलपति महावीर सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार को प्रदेश विश्वविद्यालय में हुई कार्यकारी परिषद की बैठक में यह फैसला लिया गया। बदलते तकनीकी परिदृश्य में इन पाठ्यक्रमों के शुरू होने से युवाओं को लाभ होगा। इससे छात्रों को आईटी, एनालिटिक्स, मशीन लर्निंग और डिजिटल तकनीक से जुड़े क्षेत्रों में कॅरिअर के नए विकल्प उपलब्ध होंगे। बैठक में विश्वविद्यालय में पार्ट टाइम पीएचडी कार्यक्रम शुरू करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई। इस निर्णय से ऐसे विद्यार्थी और युवा लाभान्वित होंगे, जो नौकरी या अन्य कारणों से पूर्णकालिक शोध नहीं कर पाते थे। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार यह पहल उच्च शिक्षा को अधिक समावेशी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।