हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय ने संबद्ध महाविद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2015-16 के लिए बीटेक, बीफार्मेसी, एमसीए (डायरेक्ट और लेटरल एंट्री), एमबीए, एम-फार्मेसी तथा एमटेक में प्रवेश के लिए तिथियां घोषित कर दी हैं।
तकनीकी विवि के डीन प्रो. एनएन शर्मा ने बताया कि इच्छुक छात्र विश्वविद्यालय की वेबसाइट के माध्यम से विभिन्न पाठ्यक्रमों के लिए निर्धारित अंतिम तिथि तक आवेदन कर सकते हैं। प्रो. शर्मा ने बताया कि विश्वविद्यालय इस काउंसलिंग के माध्यम से अपने समस्त संबद्ध महाविद्यालयों के अतिरिक्त विश्वविद्यालय परिसर हमीरपुर में एमबीए, एमसीए जबकि नगरोटा बगवां परिसर में बीटेक के अतिरिक्त एमबीए के लिए भी प्रवेश देगा।
विश्वविद्यालय इस वर्ष से एमसीए पाठ्यक्रम में (डायरेक्ट एंट्री) के अतिरिक्त 20 प्रतिशत सीटें (लेटरल एंट्री) से भरेगा, जिसके लिए बीसीए तथा बीएससी आईटी/कंप्यूूटर साइंस के स्नातक छात्र पात्र होंगे। बी-फार्मेसी तथा बी-फार्मेसी आयुर्वेद में प्रवेश के लिए काउंसलिंग का प्रथम चरण 8 जुलाई, 2015, बीटेक में प्रवेश के लिए 17 जुलाई से प्रारंभ होगा। इसके अतिरिक्त स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में एमटेक में प्रवेश 18 जुलाई, 2015 से, एम-फार्मेसी 20 जुलाई, एमबीए 16 जुलाई, जबकि एमसीए 17 जुलाई, 2015 से प्रारंभ होगा।